छत्तीसगढ़

मासूम का कत्ल: हैरो से काटा… खेत में दफनाई लाश और फिर ऊपर से बो दी आलू की फसल; शव का हाल देख कांपे पुलिसवाले

फिरोजाबाद : फिरोजाबाद के नारखी थाना इलाके के गांव सलेमपुर निवासी राजमिस्त्री विनोद के चार दिन पहले अपहृत 16 वर्षीय पुत्र कृष्णा का शव रविवार देर रात गांव के ही एक व्यक्ति के आलू के खेत में दफन मिला। 19 अक्तूबर को गांव के सुमित और अमित कृष्णा को खेत में आलू की खोदाई और बुवाई के लिए ले गए थे। तभी से वह गायब था।

पिता की तहरीर पर पुलिस ने सुमित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर रविवार शाम को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सख्ती से उससे पूछताछ की तो वह टूट गया। उसने किशोर का शव आलू के खेत में दफन करने की बात कबूली। पुलिस हत्या का कारण अभी पता नहीं कर सकी है।

19 अक्तूबर को कृष्णा गांव सलेमपुर निवासी वीरेंद्र सिंह के पुत्र सुमित और अमित के साथ खेत की जुताई करने के ले गए था। कृष्णा करीब 15 दिनों से उनके खेत की मजूदरी का काम कर रहा था। लेकिन एकाएक 19 अक्तूबर को कृष्णा खेत घर नहीं पहुंचा। इसके बाद विनोद ने इसकी शिकायत थाना पुलिस से दर्ज कराई।

पुलिस ने सुमित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। तीन दिन से कोई भी पता नहीं चलने पर जब रविवार देर शाम को पुलिस ने सुमित पर सख्ती बरती तो उसने बताया कि कृष्णा को ट्रैक्टर के हैरो (खेत जुताई का यंत्र) से काट कर मारा है। 

इसके बाद किसी को पता नहीं चले इसके लिए उसके शव को आलू के खेत में दफन कर दिया है। यह सुनकर पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस ने आरोपी को लेकर खेत में पहुंची। उसकी निशानदेही पर आलू के खेत से किशोर का शव रविवार देर रात बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

आरोपी बचाव में बोल रहा कि गिर गया था इसलिए छिपा दिया
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या का कारण बताने से बच रहा है। आरोपी का कहना है कि किशोर को मैं स्वयं ले गया था। उसके भाई अमित वहां पर नहीं था। खेत की जोताई करने के दौरान हैरो की चपेट में वह आ गया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। मौत को छिपाने के लिए उसने किशोर को जमीन पर गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। जिससे किसी को पता नहीं चल सके

शव दफन करने के बाद कर दी आलू की बुवाई
सुमित और अमित ने कृष्णा की हैरो से काट कर हत्या करने के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। शव को दफन करने में भी दोनों भाईयों को करीब तीन से चार घंटे लगे थे। शव को दफन करने के बाद ऊपर से मिट्टी डालकर आलू की बुबाई कर दी, ताकि शव को कोई खोज न सके।

काफी देर तक गुमराह करता रहा आरोपी
रविवार को आरोपी सुमित को पुलिस ने पूछताछ के बहाने से थाने बुलाकर हिरासत में ले लिया था। उसके बाद उससे किशोर के बारे में पूछा तो उसने पुलिस और एसओजी की टीम को भी गुमराह करना शुरू कर दिया। कभी तो फरिहा रामलीला देखने जाने की, तो कभी लालपुर में दूसरे स्थान पर काम करने की कहकर जाने की बात कहने लगा।

उसके बाद पुलिस ने कड़ाई की तो वह टूट गया। उसने किशोर का शव अपने ही खेत में दफना देने की बात कही। और बताया कि खेत की जुताई करते समय किशोर पीछे बैठा था। वह अचानक गिर गया और हैरो की चपेट में आ गया। डर के कारण बिना किसी को बताए उसका शव दफना दिया।

सलेमपुर में किशोर की हैरो से हत्या करने के बाद शव को दफनाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी। किशोर के शव का दाह संस्कार कराया गया है। अन्य पहलुओं की जांच सीओ टूंडला को दी गई है।

-सर्वेश मिश्रा, एसपी सिटी