Home » कोरबा » कोरबा में दो जगह निकले विशालकाय अजगर, मीटर-बोर्ड के पास बैठा था 8 फीट लंबा सांप, कॉलोनी में 9 फीट का अजगर घुसा

कोरबा में दो जगह निकले विशालकाय अजगर, मीटर-बोर्ड के पास बैठा था 8 फीट लंबा सांप, कॉलोनी में 9 फीट का अजगर घुसा

कोरबा। शहर में गुरुवार रात दो अलग-अलग जगहों पर विशालकाय अजगर निकलने से लोगों में दहशत फैल गई। पुरानी बस्ती में एक घर के बाहर बिजली के मीटर बोर्ड के पास करीब 8 फीट लंबा और 12 किलो वजनी अजगर कुंडली मारकर बैठा था।

वहीं, CMPDI कॉलोनी मानिकपुर में भी करीब 9 फीट लंबा और 14 किलो वजनी अजगर दिखाई दिया। सूचना मिलने पर वन्यजीव रेस्क्यू टीम ने दोनों जगह मोर्चा संभाला।

 - Dainik Bhaskar

मीटर बोर्ड के पास बैठा था अजगर

पहली घटना 29 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे पुरानी बस्ती की है। यहां एक घर के बाहर लगे बिजली के मीटर बोर्ड के पास अजगर दिखाई दिया। उसे देखकर मोहल्ले में दहशत फैल गई। स्थानीय निवासी विकास सिंह ने तत्काल वन्यजीव रेस्क्यू टीम के प्रमुख जितेंद्र सारथी को इसकी सूचना दी।

सावधानीपूर्वक रेस्क्यू प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अजगर को पकड़ा और थैले में सुरक्षित किया। इसके बाद उसे जंगल में उसके प्राकृतिक रहवास में छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अजगर पास की नदी की ओर से निकलकर बस्ती में पहुंचा था।

 - Dainik Bhaskar

करंट लगने का था खतरा

अजगर बिजली के मीटर और तारों के बेहद करीब था। ऐसे में उसके करंट की चपेट में आने का खतरा था। वहीं, किसी घर में घुसने पर लोगों के लिए भी परेशानी खड़ी हो सकती थी। समय रहते रेस्क्यू होने से स्थिति संभल गई।

जितेंद्र सारथी ने बताया कि वन्यजीव जानबूझकर बस्तियों में नहीं आते, बल्कि भटककर या भोजन की तलाश में आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।

CMPDI कॉलोनी में भी निकला 9 फीट का अजगर

अजगर निकलने की दूसरी घटना रात करीब 10:30 बजे CMPDI कॉलोनी मानिकपुर में हुई। यहां करीब 9 फीट लंबा और 14 किलो वजनी अजगर कॉलोनी में घुस रहा था। सूचना मिलने पर जितेंद्र सारथी ने अपनी टीम के सदस्य बॉबी श्रीवास को मौके पर भेजा। जहाँ सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram