छत्तीसगढ़

वर्ल्ड कप 2023: श्रेयस अय्यर ने वर्ल्ड कप में लगाया सबसे लंबा छक्का, मॉन्स्टर सिक्स से मैक्सवेल का रिकॉर्ड तोड़ा

नईदिल्ली : श्रेयस अय्यर ने वर्ल्ड कप 2023 में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में ताबड़तोड़ पारी खेल 146.43 के स्ट्राइक रेट से 82 रन स्कोर किए, जिसमें 3 चौके और 6 लंबे छक्के शामिल रहे. इसी में उन्होंने एक मॉन्स्टर सिक्स लगाते हुए वर्ल्ड कप 2023 का सबसे लंबा छक्का लगा दिया. इस लंबे छक्के के साथ अय्यर ने वर्ल्ड कप में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले ग्लेन मैक्सवेल के सबसे लंबे छक्के का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

अय्यर ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ मैच में 106 मीटर का छक्का लगाया. वहीं ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ ग्लेन मैक्सवेल के नाम 104 मीटर का लंबा छक्का लगाने का रिकॉर्ड था, जो उन्होंने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ मुकाबले में लगाया था. वहीं सबसे लंबे छक्के लगाने की लिस्ट में श्रेयस अय्यर एक बार फिर तीसरे नंबर पर 101 मीटर के छक्के के साथ दिखते हैं. अफगानिस्तान के खिलाफ दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में अय्यर ने 101 मीटर लंबा छक्का जड़ा था. 

वही लिस्ट में पाकिस्तान के फखर ज़मां 99 मीटर के छक्के के साथ चौथे और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर 98 मीटर के छक्के के साथ पांचवें नंबर पर मौजूद हैं. फखर जमां ने बांग्लादेश के खिलाफ जबकि डेविड वॉर्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ छक्का लगाया था. 

वर्ल्ड कप 2023 में अब तक सबसे लंबे छक्के

  • श्रेयस अय्यर (इंडिया)- 106 मीटर
  • ग्लेन मैक्सवेल (ऑस्ट्रेलिया)- 104 मीटर
  • फखर ज़मां (पाकिस्तान)- 99 मीटर
  • डेविड वॉर्नर (ऑस्ट्रेलिया)- 98 मीटर.

भारत ने पार किया 350 रनों का आंकड़ा 

श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग के लिए उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 357 रन बोर्ड पर लगाए. टीम के लिए शुभमन गिल ने सबसे बड़ी 92 रनों की पारी खेली. इसके अलावा विराट कोहली ने 88 और श्रेयस अय्यर ने 82 रन बनाए. तीनों ही खिलाड़ी शतक से चूक गए.