Home » राष्ट्रीय » सोना आज ₹2282 सस्ता, ₹1.38 लाख पर आया, चांदी ₹1264 घटकर ₹1.80 लाख/किलो

सोना आज ₹2282 सस्ता, ₹1.38 लाख पर आया, चांदी ₹1264 घटकर ₹1.80 लाख/किलो

नई दिल्ली। दिवाली से पहले सोने-चांदी के दाम में गिरावट जारी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, आज 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,282 रुपए गिरकर 1.38 लाख रुपए आ गया है।

वहीं एक किलो चांदी 1,264 रुपए घटकर 1.80 लाख रुपए पर आ गई है। शुक्रवार को सोना 1.40 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.81 लाख रुपए किलो बिक रही थी।

अक्टूबर में सोना ₹8,084 और चांदी ₹39,485 सस्ती

अक्टूबर में सोना 8,084 रुपए और चांदी 39,485 रुपए सस्ती हुई है। एक अक्टूबर 2026 को एक किलो चांदी के दाम 2.20 लाख रुपए और 10 ग्राम सोना 1.48 लाख रुपए पर थे।

सोना सस्ता होने की 3 वजह

  • ऊंचे भाव पर बिक्री: त्योहारों से पहले सोना काफी महंगा हो गया था, इसलिए बड़े निवेशकों ने मुनाफा कमाने के लिए अपना सोना बेचना शुरू कर दिया।
  • मजबूत डॉलर का असर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड मजबूत हुए, जिससे ग्लोबल मार्केट में सोने की कीमतें नीचे आ गईं।
  • खरीदारों का हाथ खींचना: महंगे दाम देखकर आम खरीदारों ने दुकानों से फिलहाल सोने की खरीदारी कम की है।

चांदी सस्ती होने की 3 वजहें

  • फैक्टरियों से कम मांग: चांदी का बड़ा इस्तेमाल सोलर और इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्टरियों में होता है। पिछले दिनों इन उद्योगों में चांदी की मांग घटी है।
  • बाजार में बिकवाली का दबाव: शेयर और वायदा बाजार के उतार-चढ़ाव में बड़े ट्रेडर्स ने अचानक अपनी चांदी बेच दी, जिससे भाव तेजी से गिरे।
  • सोने की देखा-देखी: सर्राफा बाजार में सोना और चांदी एक-दूसरे के पीछे चलते हैं। सोने के भाव गिरते ही चांदी में भी बिकवाली शुरू हो गई।

क्या यह गिरावट लंबी चलेगी?

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया मानते हैं कि सोने-चांदी की खरीदारी किश्तों में करें। कुछ अभी खरीद लें और कुछ-कुछ 15-20 दिन के अंतराल पर। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से लेकर एक साल तक सोच कर खरीदारी करें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram