छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ : दिल्ली दरबार तक कितना पैसा पहुंचा?, महादेव एप को लेकर बिना नाम लिए सोनिया पर पीएम का वार

मुंगेली। छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में कांग्रेस को भाजपा कड़ी टक्कर दे रही है। आज पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं। मुंगेली में पीएम मोदी चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत जय जोहार से की।

कांग्रेस छत्तीसगढ़ से जा रही है: पीएम मोदी

उन्होंने आगे कहा,”आपका सपना ही ‘मोदी का संकल्प’ है।” उन्होंने आगे कहा,”आज जब मैं मुंगेली आया हूं, महामाया माई की इस धरती पर आया हूं, तो पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के कुशासन की समाप्ति का जयघोष हो रहा है।

ये जयघोष है,”पहला चरण – कांग्रेस पस्त, दूसरा चरण – कांग्रेस अस्त। प्रथम चरण के मतदान से ये स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ से जा रही है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा,” आप जो इस धूप में तप कर रहे हैं। मैं आपकी ये तपस्या बेकार नहीं जाने दूंगा। आपके इस तप के बदले विकास करके आपको लौटाऊंगा। ये मेरी गारंटी है। हर तरफ एक ही गूंज है – 3 दिसंबर को भाजपा आवत है।

महादेव सट्टेबाजी ऐप को लेकर पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार 

वहीं, महादेव एप सट्टेबाजी मामले पर भी पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा,”जिस कांग्रेस को गणित सिखाने का इतना शौक है, उनसे मेरे कुछ सवाल हैं- कांग्रेस के इन गणितबाजों को बताना होगा कि मुख्यमंत्री को महादेव सट्टेबाजी घोटाले में से कितना पैसा मिला कांग्रेस के बाकी नेताओं के हिस्से में कितना माल आया? दिल्ली दरबार तक इसमें से कितना पैसा पहुंचा?

छत्तीसगढ़ को लूटने वाले देव दीपावली में नजर नहीं आएंगे: पीएम

उन्होंने आगे कहा,”कल (रविवार) आपने दीपावली मनाई है। लेकिन आने वाली देव दीपावली छत्तीसगढ़ के लिए एक नया आनंद और उत्साह लेकर आएगी। जिस कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को लूटा है, वो देव दीपावली पर कहीं नजर नहीं आएगी।

17 नवंबर को दूसरे चरण का चुनाव

पीएम मोदी की दूसरी सभा महासमुंद के बेमचा मैदान पर आयोजित की गई है। छत्‍तीसगढ़ भाजपा ने इसे विजय संकल्‍प महारैली का नाम दिया है। दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को कराया जाएगा। इसमें 70 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।