Home » राजनीति » ’24 घंटे बीत चुके हैं मोदी जी’, राहुल ने विदेशी संबंधों पर पीएम मोदी को फिर दी खुली बहस की चुनौती

’24 घंटे बीत चुके हैं मोदी जी’, राहुल ने विदेशी संबंधों पर पीएम मोदी को फिर दी खुली बहस की चुनौती

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने सोशल साइट X पर एक वीडियो शेयर कर देशवासियों को दीवाली की शुभकामनाएं दी। इसी के साथ राहुल गांधी ने पीएम मोदी को खुली बहस की चुनौती दोहराते हुए कहा कि उन्हें दिए हुए 24 घंटे बीत चुके हैं।

राहुल गांधी ने पीएम को दी खुली चुनौती

राहुल गांधी ने सोशल साइट X पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ’24 घंटे बीत चुके हैं मोदी जी। मैंने आपको चुनौती दी थी। आप कहते हैं कि विपक्ष देशद्रोही है। कोई भी मंच चुनें, कोई भी जगह तय करें और मुझसे बहस करें।’

देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत।

कांग्रेस नेता की यह टिप्पणी उस चुनौती के 24 घंटे बाद आई है जिसमें उन्होंने पीएम को विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बनने आरोपों पर खुली बहस के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि पीएम ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाएंगे।

मीडिया और युवा के सामने बात का प्रस्ताव

बहस के निष्पक्ष संचालन को लेकर राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक का नाम आगे कर दिया। उन्होंने कहा, ‘हम दोनों वहां होंगे, मीडिया मौजूद रहेगा, देश के युवा होंगे और एक मेज होगी।

आप एक तरफ बैठिए और मैं दूसरी तरफ। आप जिसे चाहें जज बना लें, चाहें तो मोहन भागवत जी को उस कुर्सी पर बिठा दें। फिर हम दूध का दूध और पानी का पानी करेंगे।’

बहस के मुद्दों का किया जिक्र

राहुल गांधी ने उन मुद्दों का जिक्र किया जिन पर वह चर्चा करने चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बहस के दौरान वित्तीय ढांचे, अमेरिकी समझौते, उद्योगपति गौतम अडानी से जुड़े मामलों और जेफरी एपस्टीन के मामले पर खुली चर्चा होगी।

नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा, ‘वित्तीय प्रणाली और ढांचे को लेकर सवाल उठेंगे। अमेरिकी समझौता कैसे हुआ, क्यों हुआ और इतनी जल्दी में क्यों लिया गया? आपने अकेले यह फैसला क्यों किया और कैबिनेट को अंधेरे में क्यों रखा? अडानी मामला क्यों बंद हुआ? इन सभी संवेदनशील मुद्दों पर देश के सामने बात होनी चाहिए।’

उन्होंने कहा, ‘आइए, डरिए मत। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाने दीजिए।’

राहुल गांधी ने खुद पर दर्ज मानहानि के मामलों का किया जिक्र

राहुल ने अन्य मुद्दों पर अपने खिलाफ दर्ज मानहानि के मामलों का भी जिक्र किया और प्रधानमंत्री को चुनौती दी कि वे उनके ‘विदेशी संबंधों’ वाले आरोपों पर भी कानूनी कार्रवाई करें।

राहुल गांधी ने कहा, ‘अन्य मुद्दों पर तो आपने मुझ पर 45 मानहानि के मुकदमों ठोक दिए हैं। लेकिन जब मैं विदेशी संबंधों और मदद की बात कर रहा हूं, तो आप मानहानि का केस क्यों नहीं करते? आगे आइए, मुकदमा कीजिए हम अदालत में भी इस पर खुलकर चर्चा करेंगे।’

वीडियो के अंत में उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘आइए, इसे जल्द से जल्द करते हैं। डरो मत! हैप्पी दीवाली, मोदी जी।’

Facebook
X
WhatsApp
Telegram