कोरबा। सार्वजनिक उपक्रमों (SECL, बालको, NTPC और CSEB) के कर्मचारियों को मिले करोड़ों रुपये के बोनस और पीआरपी भुगतान के बाद इस बार धनतेरस पर कोरबा के बाजारों में खासी रौनक देखने को मिली. चैंबर ऑफ कॉमर्स और स्थानीय व्यापारिक संगठनों से मिली जानकारी के आधार पर इस धनतेरस जिले में लगभग 300 करोड़ रुपये का बंपर कारोबार हुआ है.
सार्वजनिक उपक्रमों से मिले बोनस के दम पर ग्राहकों ने ऑटोमोबाइल, सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजारों में खुलकर खरीदारी की, जिससे पूरे जिले का व्यापारिक चक्र तेजी से घूम उठा.
एसईसीएल (SECL) कर्मचारियों को करीब ₹1.10 लाख पीएलआर और ₹350 करोड़ से अधिक का एकमुश्त भुगतान मिला. बालको (BALCO) के नियमित कर्मियों को ₹2.17 लाख तक का बोनस और ठेका कर्मियों को इंसेंटिव दिया गया. वहीं NTPC और बिजली कंपनी (CSEB) के एरियर भुगतान ने बाजार में लिक्विडिटी कई गुना बढ़ा दी.
टीपी नगर, पावर हाउस रोड, निहारिका, दर्री, पुरानी बस्ती और कुसमुंडा/गेवरा के व्यापारियों द्वारा दिए गए विशेष डिस्काउंट व ऑफर्स का ग्राहकों ने पूरा लाभ उठाया. मुख्य शोरूम्स के साथ-साथ चौक-चौराहों और गलियों के छोटे दुकानदारों व विक्रेताओं तक नगद प्रवाह पहुंचने से हर वर्ग के व्यापारी के चेहरे खिल उठे
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष योगेश जैन का कहना है कि कोरबा के मार्केट में सालों से परंपरा रही है कि दीवाली पर अच्छा व्यापार रहता है. इस वर्ष पिछले वर्ष से भी अच्छा व्यापार देखने को मिला है. सर्राफा, फोर व्हीलर, टू व्हीलर, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़े दुकानों में खासी भीड़ चल रही है. लोग ऑनलाइन से कंपटीशन भी कर रहे हैं, ऑनलाइन के दाम की तुलना करके व्यापारी व्यापार कर रहे हैं. मार्जिन भले कम हो गया हो, लेकिन व्यापारी जनता के लिए अपना मार्जिन छोड़ने को भी तैयार हैं.
चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष ने बताया कि सर्राफा सेक्टर में काफी अच्छा व्यापार हुआ है. पिछले 15-20 दिन में सोना, चांदी का रेट भी काम हुआ है. इससे लोगों ने जमकर खरीदी की है. ऑटोमोबाइल में भी काफी खरीदी हुई, हर घर में दो से तीन गाड़ियों का चलन बढ़ा है. धनतेरस के ही दिन 150 से 200 की तादाद में फोर व्हीलर की बिक्री हुई है. 25 करोड़ का अकेले ऑटोमोबाइल सेक्टर में व्यापार हुआ है. सर्राफा बाजार में भी 50 से 60 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ है.




