छत्तीसगढ़

महाराष्ट्र में एक दिन में कोविड के 129 नए मामले दर्ज, जानें JN.1 वेरिएंट के मरीजों की संख्या

मुंबई : महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के 129 नए मामले सामने आए। जबकि JN.1 वेरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या 10 बनी हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 80,23,487 कोविड संक्रमितों को पूरी तरह स्वस्थ्य होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। विभाग ने बताया कि राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की रिकवरी दर 98.18 प्रतिशत है और मृत्यु दर 1.81 प्रतिशत है।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस साल (1 जनवरी, 2023) से महाराष्ट्र में कोविड संक्रमण से 137 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 70.80 प्रतिशत 60 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति हैं। 84 प्रतिशत मृतकों को अन्य बीमारियां थीं, जबकि 16 प्रतिशत को कोई अन्य बीमारी नहीं थी।

नागपुर शहर में कोरोना के 11 नए मामले
नागपुर शहर में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 11 मामले दर्ज किए गए, जिससे कुल सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 22 हो गई। नागपुर नगर निगम ने एक बयान में कहा कि वर्तमान में कोविड से संक्रमित केवल चार मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि अन्य मरीज घर पर पृथक-वास में हैं। बयान में कहा गया है कि निगम के अतिरिक्त आयुक्त आंचल गोयल ने कोरोना वायरस स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों से नए जेएन.1 उप-स्वरूप के मद्देनजर परीक्षण बढ़ाने के निर्देश दिए। गोयल ने एहतियात के तौर पर ऑक्सीजन बेड और आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।

भारत में जेएन.1 के कुल 145 मामले दर्ज
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को कहा कि भारत में 28 दिसंबर तक कोविड-19 के उप-स्वरूप जेएन.1 के कुल 145 मामले दर्ज किए गए हैं। ये नमूने 21 नवंबर से 18 दिसंबर 2023 के बीच एकत्र किए गए थे। जेएन.1 वेरिएंट के सबसे ज्यादा मामले केरल से सामने आए हैं। आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि केरल में JN.1 उप-स्वरूप के अब तक 41 मामले सामने आए हैं, जिनमें से अधिकांश घर में पृथकवास में हैं।

कोविड के जेएन.1 उप-स्वरूप को लेकर केंद्र और राज्य सरकार सतर्क है। नए साल के जश्न को देखते हुए कड़ी नजर रखी जा रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में शुक्रवार को 24 घंटे में कोविड के 797 नए मामले दर्ज किए गए। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या 4,000 है।