Home » बिलासपुर » बिलासपुर: स्कूल के दिनों की शिकायत का वर्षों बाद लिया बदला, कार में अपहरण कर एक घंटे तक बेरहमी से पीटा; तीन के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर: स्कूल के दिनों की शिकायत का वर्षों बाद लिया बदला, कार में अपहरण कर एक घंटे तक बेरहमी से पीटा; तीन के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर। बिलासपुर में जगदलपुर मेडिकल कॉलेज के छात्र अरिहंत दीक्षित का पुराने स्कूली सहपाठियों ने कार से अपहरण कर करीब एक घंटे तक मारपीट की। स्कूल के दिनों की शिकायत की रंजिश में वारदात हुई। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत चौथे सेमेस्टर के छात्र अरिहंत दीक्षित का उनके ही पुराने सहपाठियों ने बिलासपुर में कार से अपहरण कर लिया। दिवाली की छुट्टियों में अपने घर आए छात्र को आरोपियों ने मिलने के बहाने बुलाया और फिर लगभग एक घंटे तक चलती कार में लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। स्कूल के दिनों की एक छोटी सी शिकायत का बदला लेने के लिए आरोपियों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मारपीट के बाद घायल छात्र को लहूलुहान हालत में सड़क किनारे छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए।

चलती कार में एक घंटे तक पिटाई

पीड़ित अरिहंत दीक्षित दिवाली की छुट्टियों के दौरान अपने घर बिलासपुर आया हुआ था। उसके पुराने स्कूली साथियों ने बातचीत करने के बहाने उसे नूतन चौक पर बुलाया। जब अरिहंत मिलने पहुंचा तो आरोपियों ने उससे सामान्य बातचीत शुरू की और मौका मिलते ही उसे जबरन अपनी कार के भीतर बैठा लिया। आरोपी छात्र को अगवा कर कोनी क्षेत्र की सुनसान सड़कों की तरफ ले गए। वहां चलती कार के अंदर लगभग एक घंटे तक तीनों युवाओं ने मिलकर उसकी बुरी तरह पिटाई की। लात-घूंसों से लगातार किए गए हमले के कारण छात्र गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गया।

स्कूल की पुरानी शिकायत से बढ़ा विवाद

इस पूरी वारदात के पीछे स्कूल के दिनों की एक छोटी सी घटना से जुड़ी रंजिश सामने आई है। डीएवी स्कूल में पढ़ाई के दौरान कुछ सहपाठियों ने अरिहंत की टोपी खींच दी थी। उस समय अरिहंत ने इस अभद्रता की शिकायत अपने शिक्षक से कर दी थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए शिक्षक ने आरोपी सहपाठियों को जमकर फटकार लगाई थी। शिक्षक की इस डांट से नाराज सहपाठियों के मन में रंजिश बैठ गई थी। इसी पुरानी बात का बदला लेने के लिए आरोपियों ने वर्षों बाद इस साजिश को अंजाम दिया।

 

तीन नामजद आरोपियों की तलाश जारी
कार के अंदर मारपीट करने के बाद आरोपियों ने घायल अरिहंत को नूतन चौक के पास छोड़ दिया और वहां से भाग निकले। पीड़ित ने किसी तरह अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन तुरंत घायल छात्र को लेकर सरकंडा थाने पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपी रितिक मिश्रा, सिद्धि विनायक सोनकर और आदित्य सरकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram