Home » कोरबा » कोरबा: कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जंगल में मिले पंजों के निशान, ग्रामीणों ने बाघ के पदचिह्न बताया; इधर घर के दरवाजे पर मिला जहरीला अहिराज सांप

कोरबा: कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जंगल में मिले पंजों के निशान, ग्रामीणों ने बाघ के पदचिह्न बताया; इधर घर के दरवाजे पर मिला जहरीला अहिराज सांप

कोरबा। कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के कलमीटिकरा गांव के जंगल में पंजों के निशान मिले हैं। ग्रामीणों ने इन्हें बाघ के पदचिह्न बताया है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जंगल की ओर जाते समय उन्हें जमीन पर पंजों के निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने वन विभाग को इसकी जानकारी दी।

एक्सपर्ट टीम कर रही निशानों की जांच

वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निशानों की जांच शुरू की। विभाग ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि ये निशान बाघ के हैं या किसी दूसरे बड़े वन्यजीव के। अधिकारियों के मुताबिक, एक्सपर्ट टीम नाप-जोख और दूसरी जानकारियों के आधार पर इनकी पहचान कर रही है।

 - Dainik Bhaskar

गांवों में मुनादी कर लोगों को किया सतर्क

वन विभाग ने ग्रामीणों को फिलहाल जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी है। आसपास के गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। ग्रामीणों से अकेले जंगल नहीं जाने और मवेशियों को वहां चराने से बचने की अपील की गई है। वन विभाग की टीम इलाके में गश्त भी कर रही है।

कोरबा के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी बनी रहती है। ऐसे में पंजों के निशान मिलने के बाद वन विभाग उनकी पहचान में जुटा है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि ये बाघ के पदचिह्न हैं या किसी दूसरे वन्यजीव के।

 - Dainik Bhaskar

घर के दरवाजे पर मिला जहरीला अहिराज सांप

कोरबा के सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में बुधवार रात वीर सिंह के घर के मुख्य दरवाजे पर अहिराज सांप मिला। घटना रात करीब 11:30 बजे की है। परिवार के सदस्य सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्हें दरवाजे के पास हलचल महसूस हुई।

टॉर्च जलाकर देखा तो काले-पीले रंग की धारियों वाला सांप कुंडली मारकर बैठा था। उसे देखकर परिवार के लोग घबरा गए और घर के अंदर चले गए।

स्नेक रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

परिवार ने स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट जितेंद्र सारथी को सूचना दी। वे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। विशेष उपकरणों की मदद से सांप को सुरक्षित पकड़ा गया। इसके बाद उसे जंगल में छोड़ दिया गया।

 - Dainik Bhaskar

भारत के सबसे जहरीले सांपों में शामिल

जितेंद्र सारथी ने बताया कि Banded Krait यानी अहिराज भारत के सबसे जहरीले सांपों में से एक है। इसका जहर न्यूरोटॉक्सिक होता है। यह सांप आमतौर पर रात में ज्यादा सक्रिय रहता है। ठंडी जगहों की तलाश में घरों और दरवाजों के पास भी पहुंच सकता है।

सांप दिखने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें

जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि घर या आसपास सांप दिखने पर उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। घबराने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

वीर सिंह और उनके परिवार ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए जितेंद्र सारथी और उनकी टीम का आभार जताया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram