टोंक। राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों में कई दिग्गजों के परिजनों और समर्थकों को भी हार का सामना करना पड़ा है. टोंक जिले से ऐसा ही एक दिलचस्प मामला सामने आया है. यहां एक विधायक के पीए की पत्नी पंचायत का चुनाव हार गई, जिसके बाद गांव में लगी स्ट्रीट लाइटें उतरवा ली गई. इससे ग्रामीणों में नाराजगी दिखी है. उनका कहना है कि पंचायत चुनाव के दौरान मतदाताओं को लुभाने के लिए सड़कों पर लाइटें लगाई थी, लेकिन जब चुनाव में हार मिली तो इन लाइटों को उतरवा लिया गया है. राजस्थान पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद टोंक जिले का यह मामला फिलहाल चर्चा में बना हुआ है.
राजस्थान के टोंक जिले का मामला
मामला राजस्थान के टोंक जिले का बताया जा रहा है. यहां पंचायत समिति चुनाव में पीपलू के वार्ड नंबर-2 से निवाई के विधायक राम सहाय वर्मा के पीए की पत्नी प्रियंका शर्मा पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ रही थीं. मतदाताओं को लुभाने के लिए दीपावली पर्व से पहले गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगाई गई थीं. उस समय लोगों ने भी इस पहल की सराहना की थी, गांवों में अंधेरे से राहत मिली थी. रात के वक्त इन लाइटों का सबसे ज्यादा सहारा मिला था. लेकिन चुनाव परिणाम आने के कुछ ही घंटे बाद तस्वीर बदल गई. क्योंकि चुनाव में प्रियंका शर्मा को हार का सामना करना पड़ा था.
ग्रामवासियों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी प्रियंका शर्मा हार गईं थी, उसके बाद बिजली निगम पीपलू की गाड़ी मौके पर पहुंची और लाइटें खोलकर गाड़ी में रखकर ले गई. जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया तो निगम की ओर से कहा गया कि ये लाइटें अवैध हैं. कजोड़ प्रजापत ने कहा कि दीपावली से पहले गांवों और ढाणियों में रोड लाइटें लगाई गई थीं, ग्रामीणों को उम्मीद थी कि इससे अंधेरे से राहत मिलेगी. लेकिन हार के बाद लाइटें उतार ली गईं, जिससे लोग नाराज हैं.
टोंक के पीपलू पंचायत में ग्रामीण नाराज
टोंक के पीपलू पंचायत समिति क्षेत्र में यह मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. खासकर हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी में लाइटें हटाने पर ग्रामीण भड़क गए हैं. ग्रामीणों का सवाल है कि जब ये लाइटें लगाई जा रही थीं, तब बिजली निगम ने कार्रवाई क्यों नहीं की? चुनाव परिणाम के बाद ही क्यों कार्रवाई हुई. ग्रामीणों ने यह भी पूछा कि क्या बिजली निगम ने यह कार्रवाई किसी के इशारे पर की है? जबकि ऐसी लाइटें कई जगह लगी हुई हैं.




