Home » राष्ट्रीय » सोना ₹3,653 गिरकर ₹1.21 लाख पर आया, चांदी ₹9100 सस्ती; 13 महीने में सबसे कम कीमत

सोना ₹3,653 गिरकर ₹1.21 लाख पर आया, चांदी ₹9100 सस्ती; 13 महीने में सबसे कम कीमत

नई दिल्ली। 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत भी 3,653 रुपए घटकर 1.21 लाख रुपए पर आ गई है। वहीं चांदी 9,103  रुपए सस्ती होकर 1.43 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई है। यह पिछले 13 महीने में चांदी का सबसे कम भाव है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, सोना अपने ऑलटाइम हाई 1.76 लाख रुपए से करीब 32% सस्ता हो चुका है। चांदी 3.80 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई से करीब 63% नीचे आ गई है।

सोना सस्ता होने के 3 मुख्य कारण

  • अमेरिकी डॉलर की मजबूती: जब डॉलर मजबूत होता है, तो दूसरे देशों के लिए सोना खरीदना महंगा हो जाता है और इसकी डिमांड घटने से भाव गिरते हैं।
  • ब्याज दरों में बढ़ोतरी: अमेरिका में ब्याज दरें ज्यादा रहने पर निवेशक सोने के बजाय बॉन्ड और बैंक डिपॉजिट में पैसा लगाते हैं।
  • मुनाफावसूली: जब सोने के दाम रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचते हैं, तो बड़े निवेशक मुनाफा कमाने के लिए सोना बेचना शुरू कर देते हैं।

चांदी सस्ती होने के 3 मुख्य कारण

  • इंडस्ट्रियल डिमांड में कमी: चांदी का बड़ा इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और फैक्ट्रियों में होता है; सुस्ती के कारण मांग घटने से भाव गिरते हैं।
  • ग्लोबल मार्केट में सप्लाई बढ़ना: खदानों से उत्पादन बढ़ने या बाजार में चांदी की उपलब्धता ज्यादा होने पर कीमतों पर दबाव आता है।
  • सोने की कीमतों का असर: अंतरराष्ट्रीय बाजार में अक्सर चांदी, सोने की चाल को फॉलो करती है; सोना गिरने पर चांदी में भी बिकवाली आती है।

अलग-अलग शहरों में दाम अलग होने की 4 वजहें

  • ट्रांसपोर्टेशन और सिक्योरिटी: एक शहर से दूसरे शहर सोना ले जाने में ईंधन और सुरक्षा खर्च जुड़ता है, जिससे दूरी बढ़ने पर दाम बढ़ते हैं।
  • खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में ज्यादा खपत (करीब 40%) के कारण ज्वेलर्स बड़ी खरीद करते हैं, लेकिन छूट का फायदा सीमित रहता है।
  • लोकल ज्वेलरी एसोसिएशन: राज्य और शहर के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग-सप्लाई के आधार पर रेट तय करते हैं।
  • पुराना स्टॉक और खरीद मूल्य: ज्वेलर्स का खरीदी रेट तय करता है कि वे ग्राहकों को कितनी कीमत में बेचेंगे।

सोने की खरीदारी किश्तों में करें

कमोडिटी एक्सपर्ट अजय केडिया मानते हैं कि सोने-चांदी की खरीदारी किश्तों में करें। कुछ अभी खरीद लें और कुछ-कुछ 15-20 दिन के अंतराल पर। निवेश के लिए एक-दो महीने के बजाय 6 महीने से लेकर एक साल तक का सोच कर खरीदारी करें।

ज्वेलर्स से सोना खरीदते समय इन 2 बातों का रखें ध्यान

  • सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें: हमेशा ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। ये नंबर अल्फान्यूमेरिक यानी कुछ इस तरह से हो सकता है- AZ4524। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है।
  • कीमत क्रॉस चेक करें: सोने का सही वजन और खरीदने के दिन उसकी कीमत कई सोर्सेज (जैसे इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन की वेबसाइट) से क्रॉस चेक करें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram