Home » राष्ट्रीय » कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हत्या, पेशी के लिए आए युवक को गोलियों से भूना; धारदार हथियार से काटा हाथ

कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े हत्या, पेशी के लिए आए युवक को गोलियों से भूना; धारदार हथियार से काटा हाथ

पुणे। महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक अदालत में कानूनी कार्यवाही के लिए पहुंचे हत्या के आरोपी की बेरहमी से हत्या कर दी गई । हमलावरों ने आरोपी पर पहले धारदार हथियार से हमला किया और फिर गोली मार दी।

फुटपाथ पर गिराकर किया हमला

इस खौफनाक घटना के एक वीडियो में मंदार मारुति किवले नाम के यह व्यक्ति फुटपाथ पर पड़ा दिखाई दे रहा है, जिस पर दो लोग लगातार धारदार हथियार से वार कर रहे हैं। इसके बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर वहां से भाग गए।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि मृतक मंदार मारुति किवले खुद हत्या के एक मामले में आरोपी था। पिछले साल 20 अप्रैल, 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम सुभाष चव्हाण नाम के युवक की हत्या हुई थी।

इसी हत्याकांड के मामले में किवले जेल में बंद था। वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और आज जब वह कानूनी कार्यवाही के लिए अदालत पहुंचा, तो उस पर हमला कर दिया गया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की तलाश में जुट गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram