छत्तीसगढ़

टी 20 वर्ल्ड कप : भारत की मौजूदा टीम में 10 खिलाड़ी 30 से ज्यादा उम्र के, 2007 के चैंपियंस की औसत उम्र थी 23 साल

नईदिल्ली : टी20 विश्व कप को शुरू होने में अब बस कुछ दिनों का वक्त बचा है। सभी टीमें इसकी तैयारी में जुटी हुई हैं। भारतीय टीम भी न्यूयॉर्क पहुंच चुकी है और ट्रेनिंग सेशन भी शुरू कर दिया है। रोहित शर्मा के नेतृत्व में टीम इंडिया 2007 के बाद पहली बार टी20 वश्व कप खिताब जीतने उतरी है। हिटमैन उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिसने 2007 में भारतीय टीम के साथ टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाई थी। अब वह अपने खिलाड़ियों को दूसरी बार यह ट्रॉफी उठाने के लिए प्रेरित करेंगे। भारत ने 2013 के बाद से कोई आईसीसी ट्रॉफी भी नहीं जीती है। ऐसे में रोहित एंड कंपनी आईसीसी ट्रॉफी के 11 साल के सूखे को भी खत्म करने उतरेगी। पिछली बार टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी।

2007 और 2024 टी20 विश्व कप के टीम इंडिया की तुलना
एक चीज जो इस टी20 विश्व कप में देखने लायक है, वह है टीम इंडिया के खिलाड़ियों की उम्र। इस विश्व कप में अब तक की सबसे अनुभवी टीम इंडिया खेलने गई है। मौजूदा टीम इंडिया की औसत उम्र 30.3 साल की है। 15 खिलाड़ियों की इस टीम में 10 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनकी उम्र 30 या इससे ज्यादा की है। जब भारत ने पिछली बार यानी 2007 में यह ट्रॉफी जीती थी, तो उस वक्त एक नई टीम इंडिया पहुंची थी। उस टीम का कोई भी खिलाड़ी 30 से ज्यादा उम्र का नहीं था। 2007 में चैंपियन बनी टीम इंडिया की औसत उम्र 23 साल की थी। उस टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भारत के मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर थे। तब उनकी उम्र 29 साल की थी। 

2007 में चैंपियन बनी टीम इंडिया की उम्र
2007 की चैंपियन टीम में 18 से 20 साल की उम्र के दो खिलाड़ी, 21 से 25 साल की उम्र के नौ खिलाड़ी, 26 से 29 साल की उम्र के चार खिलाड़ी थे। उस वक्त अगरकर के अलावा कप्तान रहे एमएस धोनी की उम्र 26 साल, युवराज की उम्र 25 साल, वीरेंद्र सहवाग की उम्र 28 साल, गौतम गंभीर की उम्र 25 साल, रोहित शर्मा की उम्र 20 साल, रॉबिन उथप्पा की उम्र 21 साल, दिनेश कार्तिक की उम्र 22 साल, यूसुफ पठान की उम्र 24 साल, इरफान पठान की उम्र 22 साल, हरभजन सिंह की उम्र 27 साल, पीयूष चावला की उम्र 18 साल, आरपी सिंह की उम्र 21 साल, श्रीसंत की उम्र 24 साल और जोगिंदर शर्मा की उम्र 23 साल की रही थी। तब धोनी के नेतृत्व में युवा जोश ने अपने ट्रॉफी तक के अभियान में पाकिस्तान, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका जैसी कुछ बड़ी टीमों को शिकस्त दी थी। 

2024 टी20 विश्व कप के लिए टीम इंडिया की उम्र
वहीं, इस साल विश्व कप खेलने गई टीम इंडिया में 20 साल से कम उम्र का कोई खिलाड़ी नहीं है। 21 से 25 साल की उम्र का सिर्फ एक खिलाड़ी है। वहीं, 26 से 30 की उम्र के आठ खिलाड़ी हैं। 31 से 35 साल की उम्र के चार खिलाड़ी और 36 से ऊपर का एक खिलाड़ी है। कप्तान रोहित खुद इस टीम के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। उनकी उम्र 37 साल की है। वहीं, विराट कोहली और रवींद्र जडेजा 35-35 साल के हैं। सूर्यकुमार यादव और युजवेंद्र चहल की उम्र 33-33 साल की है। उपकप्तान हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज की उम्र 30-30 साल की है। कुलदीप यादव और संजू सैमसन 29-29 साल के हैं। वहीं, ऋषभ पंत 26 साल के, अर्शदीप सिंह 25 साल के और यशस्वी जायसवाल 22 साल के हैं। यह देखने वाली बात होगी कि क्या यह अनुभवी टीम इंडिया खिताब अपने नाम कर पाती है या नहीं।

विराट और रोहित पर रहेंगी निगाहें
टी-20 विश्व कप में अनुभव और रनों के मामले में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के कोई आसपास भी नहीं है। रोहित का यह नौवां और विराट का छठा टी-20 विश्व कप होगा। रोहित (39) और विराट (27) दोनों ने मिलकर टी-20 विश्व कप के 66 मैच खेले हैं। 2007 का विश्व कप जीतने वाली टीम के सदस्य रोहित के नाम सभी नौ टी-20 विश्व कप खेलने का अनोखा रिकॉर्ड बनेगा। रोहित और विराट दोनों को वेस्टइंडीज में भी खेलने का अनुभव है। वहां की धीमी पिचें दोनों की बल्लेबाजी को रास आएंगी। खासतौर पर विराट की नजरें जमीं तो वह हर मैच में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया में हुए टी-20 विश्व कप के बाद दोनों का इस विश्व कप में खेलना तय नहीं था, लेकिन चयनकर्ताओं ने दोनों के अनुभव को वरीयता देते हुए उन्हें एक बार फिर टीम में शामिल किया। ऐसे में ये दोनों भी जानते हैं कि उन पर बड़ी जिम्मेदारी है और दोनों इस मौके को दोनों हाथों से भुनाना चाहेंगे।