छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: इस्तीफे की मांग को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा के बंगले का घेराव; NSUI-युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घसीटते हुए ले गई पुलिस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लचर कानून व्यवस्था का आरोप लगाते हुए रायपुर में गृहमंत्री निवास का घेराव किया गया। गुरुवार को युवा कांग्रेस, NSUI और महिला कांग्रेस ने संयुक्त प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस से कार्यकर्ताओं की झड़प और धक्का-मुक्की भी हुई।

सैकड़ों की संख्या में नेता और कार्यकर्ता घेराव के लिए निकले थे। इस दौरान रायपुर पुलिस ने महिला थाना के पास बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। कार्यकर्ता जब बैरिकेडिंग की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस कई कार्यकर्ताओं को घसीटते हुए ले जाने लगी।

दोपहर 12 बजे से ही पुराने कांग्रेस भवन गांधी मैदान में कार्यकर्ता एकजुट हुए थे। लगभग डेढ़ बजे के करीब कांग्रेस के अलग अलग विंग के नेता गृहमंत्री निवास का घेराव करने के लिए नगर निगम से सिविल लाइन की ओर आगे बढ़ने लगे। पुलिस बल ने महिला थाना के पास ही बैरिकेडिंग कर इन नेताओं को रोका।

पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे जाने का प्रयास करने वाले नेताओं को पुलिस ने घसीटते हुए रोका। इस दौरान जमकर झूमाझटकी हुई। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि, बलौदा बाजार में हुई हिंसा समेत पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ रही है इसलिए गृहमंत्री विजय शर्मा को इस्तीफा देना चाहिए।

युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा का कहना है कि गृहमंत्री कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने में नाकाम साबित हुए हैं, इसलिए उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। वहीं NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने कहा कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक लगातार अलग-अलग क्राइम की खबरें आ रही हैं। नई सरकार के गठन को अब तक छह महीने भी नहीं हुए और सरकार, गृहमंत्री पूरी तरह से नाकाम हो गए हैं।

NEET में गड़बड़ी को लेकर देशभर में 21 जून को विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसका असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। रायपुर के गांधी मैदान में प्रदेश स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदेश के सभी कांग्रेस नेता इसमें शामिल होंगे।