छत्तीसगढ़

किशोरी की मेडिकल जांच पूरी, कैमरों की डीवीआर जब्त, खुलेंगे उस रात के राज, बढ़ाई जाएगी दुष्कर्म की धारा

कनौज : किशोरी के साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार पूर्व ब्लॉक प्रमुख की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच करावाई। उसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया गया। किशोरी के बयान के बाद अब आरोपी नवाब सिंह यादव के खिलाफ दुष्कर्म की भी धारा बढ़ाई जाएगी। इस बीच नोएडा से यहां पहुंचे उसके माता-पिता ने भी अपनी नाबालिग बेटी संग हुई घटना पर बात की।

मां ने अपनी ननद पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ तहरीर दी है। माना जा रहा है कि पुलिस अब मुकदमे में और धाराएं बढ़ा सकती है। इससे आरोपी नवाब सिंह पर कानून का शिकंजा कसता दिख रहा है। इस बीच किशोरी को लेकर कॉलेज गई उसकी बुआ फरार हो गई है। पुलिस उसकी भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश में जुटी है। कन्नौज के इस हाई प्रोफाइल घटनाक्रम में मंगलवार को कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं।

रविवार की रात सामने आई इस घटना के बाद सोमवार को पुलिस ने कन्नौज सदर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ किशोरी से छेड़छाड़ की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। उसके बाद पीड़ित किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई थी।

हालांकि सोमवार को जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी। मंगलवार को पुलिस ने जिला यह प्रक्रिया पूरी करवाई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। बताया जा रहा है कि वहां भी किशोरी ने अपने साथ घटनाक्रम बताया। किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस अब आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा बढ़ाएगी I

उधर वह महिला अचानक से गायब हो गई है, जो किशोरी को लेकर पूर्व ब्लॉक प्रमुख के कॉलेज पहुंची थी। एसपी अमित कुमार आनंद के मुताबिक किशोरी की बुआ की भूमिका संदिग्ध पाई गई है। पहले दिन शिकायत करने के बाद से वह अपना बयान बदल रही है। उसे जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन सामने नहीं आई। उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि किशोरी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा बढ़ाई जाएगी।

पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव के कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने बाकायदा वहां लगा डीवीआर जब्त कर लिया है। पुलिस इसकी मदद से कॉलेज में रविवार की रात की पूरी गतिविधियों को खंगालने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि रविवार की रात पीड़िता किस तरह उस कॉलेज में पहुंची और वहां उसके साथ हकीकत में क्या-क्या हुआ, यह सामने लाने में सीसीटीवी कैमरे अहम साबित होंगे।