छत्तीसगढ़

हरियाणा की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप, मंत्री आतिशी ने किया एलान

नईदिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली की मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी हरियाणा में सभी सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। उम्मीद है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत मिलेगी। आतिशी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कई जनसभाओं को संबोधित किया है। इन रैली में भारी भीड़ देखने को मिली है। केजरीवाल हरियाणा के बेटे हैं और इसलिए लोगों का उनसे जुड़ाव है I

प्रदेेश की 90 विधानसभा सीटों के लिए एक अक्तूबर को मतदान होगा। चार अक्तूबर को रिजल्ट आएगा। वोटर सूची 27 अगस्त को जारी होगी। इस बार हरियाणा में स्लम और मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में अलग से पोलिंग बूथ लगाए जाएंगे। गुरुग्राम, फरीदाबाद और सोनीपत में सोसाइटी में पोलिंग स्टेशन बनेंगे। हरियाणा में 20,629 पोलिंग स्टेशन होंगे। सभी पोलिंग स्टेशन सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे और वोटर हेल्पलाइन की वेबसाइट जारी रहेगी।

ये है सीटों का समीकरण

हरियाणा विधानसभा में 90 सीटें हैं। बहुमत के लिए 46 का आंकड़ा चाहिए। पिछली बार भाजपा 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। इसके बाद भाजपा ने दस सीटें जीतने वाली जजपा के साथ मिलकर सरकार का गठन किया था। कांग्रेस को 31 सीटें मिली थीं। एक-एक सीट इनेलो और हलोपा के खाते में आई थी। सात सीटें निर्दलीयों ने जीती थी।