छत्तीसगढ़

महिला ने अटल सेतु पुल से कूदने की कोशिश की, कैब चालक ने बाल पकड़कर बचाई जान, देखें वीडियो

मुंबई : महाराष्ट्र में मुंबई के अटल बिहारी वाजपेयी ट्रांस हार्बर लिंक ब्रिज (अटल सेतु पुल) पर एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। दरअसल, एक महिला अटल सेतु पुल से छलांग लगाने जा रही थी, तभी एक कैब चालक ने उसे बचा लिया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना शाम के सात बजे की है। मुलुंद की रहने वाली महिला ने धार्मिक तस्वीरें समुद्र में विसर्जित करने के बहाने से 31 वर्षीय कैब चालक संजय यादव को अटल सेतु पुल के पास गाड़ी रोकने को कहा। पुलिस ने बताया कि उन्हें पुल के पास कैब रुकने और महिला के रेलिंग पार करने की सूचना मिली।

कैब चालक ने बचाई महिला की जान
न्हावा शेवा ट्रैफिक ब्रांच पेट्रोलिंग वेन को फोन में बताया गया कि शेलघर टोल नाका की ओर जाने वाली सड़क पर अटल सेतु पुल पर एक वाहन रुका है और एक महिला पुल की रेलिंग पार करके कुछ कर रही है। महिला ने पुलिस को देखकर समुद्र में कूदने की कोशिश की, लेकिन चालक ने उसके बाल पकड़कर उसे बचा लिया। इसके बाद चार कॉन्स्टेबल रेलिंग पार कर महिला को बचाने पहुंचे। इस घटना के बाद महिला को नवी मुंबई के पुलिस स्टेशन में ले जाया गया। इस घटना के बारे में महिला के परिवार वालों को भी जानकारी दी गई।  न्हावा शेवा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधीक्षक अंजुम बागवान ने कहा कि महिला के परिवारवालों ने बताया कि वह मानसिक रूप से बीमार है।

अटल सेतु से कूदने की घटनाएं
अटल सेतु पुल से समुद्र में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की घटना इससे पहले भी घट चुकी है। इसी साल जुलाई में वित्तीय चिंताओं के कारण तनाव में आकर एक 38 वर्षीय इंजीनियर ने यहां से छलांग लगा दी थी। इससे पहले मार्च में 43 वर्षीय एक महिला डॉक्टर ने अटल सेतु से छलांग लगा दी थी। महिला ने आत्महत्या करने से पहले अपने फ्लैट में एक सुसाइड नोट छोड़ा था। पुलिस के अनुसार, महिला अवसाद से पीड़ित थीं और उसका इलाज चल रहा था। वह अपने पिता के साथ मुंबई के परेल इलाके में दादा साहब फाल्के रोड स्थित नवीन आशा इमारत में रहती थीं। घटना वाले दिन वह दोपहर को अपने घर के पास से अटल सेतु जाने के लिए टैक्सी ली और वहां से समुद्र में छलांग लगा दी।