छत्तीसगढ़

बिलासपुर : तीन दिन पहले घर से निकला था, तालाब में मिली कबाड़ी के बेटे की लाश

बिलासपुर। तीन दिन पहले घर से निकले युवक की लाश चकरभाठा क्षेत्र के परसदा स्थित तालाब में मिली है। युवक के सिर पर चोट के निशान हैं। बताया जाता है कि युवक कर्ज में दबा हुआ था। इसके कारण वह कुछ दिनों से परेशान भी था। शव मिलने की सूचना पर पुलिस पीएम कराया है। इसकी रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।

चकरभाठा टीआइ रविंद्र अनंत ने बताया कि परसदा में रहने वाले रामविलास चौहान कबाड़ी का काम करते हैं। उनका बेटा दुर्गेश चौहान(20) भी काम में हाथ बंटाता था। सोमवार की सुबह नाश्ते के बाद दुर्गेश घर से बाहर निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। स्वजन उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार की सुबह घर के पास ही मुख्य मार्ग पर स्थित शारदा मंदिर के पीछे स्थित तालाब में उसकी लाश मिली। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने गांव वालों की मदद से शव बाहर निकलवाया। युवक के सिर पर चोट के निशान थे। इसे देखकर स्वजन ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम कराया है। इससे हत्या का कारण स्पष्ट होगा।