छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: शुभारंभ से पहले ही वंदेभारत के कांच तोड़े, पार्षद के भाई समेत 5 गिरफ्तार; ट्रायल रूट पर 3 कोच पर फेंके पत्थर

महासमुंद। छत्तीसगढ़ को मिलने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन के ट्रायल के दौरान ही शुक्रवार को उस पर पथराव किया गया। इसके चलते ट्रेन के 3 कोच C2-10, C4-1, C9-78 के कांच टूट गए। रेलवे पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद के भाई सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, वंदे भारत ट्रेन का 13 सितंबर को ट्रायल रन था। ट्रेन सुबह दुर्ग स्टेशन से करीब 7.10 बजे विशाखापट्टनम के लिए निकली। लौटते वक्त शुक्रवार रात करीब 9 बजे महासमुंद के बागबाहरा रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर पत्थर फेंके। PM मोदी 16 सितंबर को ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ा, पूछताछ जारी

रात में ट्रेन में पथराव की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। शनिवार को पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। RPF के मुताबिक पत्थरबाजों में आरोपी शिव कुमार बघेल, देवेंद्र चंद्राकर, जीतू तांडी, लेखराज सोनवानी और अर्जुन यादव शामिल है। आरोपी शिव कुमार यूथ कांग्रेस के खल्लारी विधानसभा के अध्यक्ष और पार्षद ताम्रध्वज बघेल का भाई है।

RPF निरीक्षक प्रवीण सिंह धाकड़ ने बताया कि, पांचों आरोपी बागबहरा इलाके के रहने वाले हैं। सभी 25 से 30 के बीच के हैं। रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत कार्रवाई की जा रही है। इन सभी को रायपुर रेलवे स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पथराव के पीछे क्या कारण है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।

जहां पथराव हुआ, वहां नशेड़ियों का अड्‌डा

बताया जाता है कि, बागबाहरा रेलवे कैंपस के पास ही पुराना बाजार हुआ करता था, जो अब हट चुका है। जिसके चलते लोगों का आवाजाही अब नहीं होती। वहीं पर एक मंदिर भी है और आसपास सन्नाटा पसरा रहता है। सारे असमाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है। कुछ कदम पर ही गांजा, शराब की खुलेआम बेचा जाता है। वंदे भारत ट्रेन पथराव भी उसी स्थान पर किया गया है।

 - Dainik Bhaskar

ट्रायल में 130 की स्पीड से दौड़ी वंदे भारत

वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन ट्रायल के दौरान 130 की स्पीड से दौड़ी। महज 8.15 घंटे में अपना सफर पूरा किया। इसमें रेलवे के अफसर और उनकी टेक्निकल टीम मौजूद थी। ट्रेन का 16 सितंबर को PM नरेन्द्र मोदी वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। ट्रेन दुर्ग से रायपुर, खरियार रोड, टिटलागढ़ और विजयनगरम होते हुए विशाखापट्टनम पहुंचेगी।

सुबह 5.45 बजे दुर्ग से रवाना होकर दोपहर 1.45 बजे पहुंचेगी विशाखापट्‌टनम

यह ट्रेन दुर्ग से सुबह 5.45 को रवाना होगी और रायपुर 6.08 बजे रायपुर पहुंचेगी। रायपुर से 6.13 बजे रवाना होगी और 1.45 बजे विशाखापट्टनम पहुंचेगी। दोपहर 3.15 को विशाखापट्टनम से छूटेगी साढ़े आठ घंटे में 565 किमी की दूरी तय कर रात 11.50 को दुर्ग स्टेशन पहुंचेगी।