छत्तीसगढ़

स्वास्थ्य मंत्री बोलीं- एमपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि हुई, निपाह जांच में 10 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव

नईदिल्ली : केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने बुधवार को बताया कि राज्य के मल्लपुरम जिले में मंकी पॉक्स (एमपॉक्स) के एक मामले की पुष्टि हुई है। जॉर्ज ने यह भी बताया कि जिले में पिछले हफ्ते निपाह वायरस से मरने वाले युवक के संपर्क में आए दस अन्य लोगों के नमूने निगेटिव निकले हैं। कुल 266 लोग मृतक के संपर्क में आए थे। इनमें से उच्च जोखिम श्रेणी के 26 लोगों के नमूनों के परिणाम अभी तक निगेटिव आए हैं।

मंत्री ने एक फेसबुक पोस्ट बताया कि मंकीपॉक्स के लक्षण दिखने के बाद एक 38 वर्षीय व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, मल्लपुरम में मंकीपॉक्स के लक्षणों के साथ इलाज करा रहे एक व्यक्ति में बीमारी की पुष्टि हुई है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आए व्यक्ति जांच में पॉजिटिव निकला है। यहां आने वाले सभी व्यक्ति विशेषकर लक्षण वाले लोगों से अनुरोध है कि स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें और तुरंत इलाज कराएं।

मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के रोगियों के लिए आइसोलेशन सुविधाएं और उपचार की व्यवस्था की है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में भी उपचार सुविधाएं उपल्बध हैं। मंकीपॉक्स कई वर्षों से अफ्रीका के कुछ हिस्सों में एक सार्वजनिक स्वास्थ्य मुद्दा रहा है। लेकिन 2022 में यह वैश्विक चिंता का विषय बना।

निपाह वायरस के लिए जांच में निगेटिव निकले 11 लोग
जॉर्ज ने यह भी बताया कि पिछले हफ्ते निपाह वायरस से मरने वाले 24 वर्षीय युवक के संपर्क में आए दस लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव निकली है। कुल 266 लोग मृतक के संपर्क में आए थे। इनमें से उच्च जोखिम श्रेणी के 26 लोगों के नमूनों के परिणाम अब तक निगेटिव निकले हैं। 

उन्होंने कहा कि बुधवार को संपर्क सूची में 11 नए लोगों को जोड़ा गया, जिनमें से पांच उच्च श्रेणी के जोखिम में थे। उन्होंने बताया कि संपर्क सूची में 81 स्वास्थ्य कर्मी थे। मंत्री ने स्थिति की समीक्षा के लिए एक बैठक की और हालात का जायजा लिया। युवक की मौत नौ सितंबर को हुई, जो निपाह वायरस से संक्रमित था। निपाह के मामल पहले भी कोझिकोड जिले में 2018, 2021 और 2023 में और एर्नाकुलम जिले में 2019 में देखे गए थे।