छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़: कई जिलों में आज बारिश की चेतावनी, बस्तर संभाग में गिर सकती है बिजली; अगले 7 दिन मानसून की एक्टिविटी रहेगी कम

रायपुर। प्रदेश के कई जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से नमी आने की शुरुआत हो रही है। जिसकी वजह से बस्तर संभाग और उसके आस-पास के जिलों में थंडरस्ट्रॉम (बिजली-गरज-चमक) हो सकता है। हालांकि अगले एक हफ्ते मानसून की एक्टिविटी कम रहेगी।

रायपुर में ऐसा रहेगा मौसम

आज हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के मुताबिक रायपुर में सामान्य वर्षा हुई है। 18 सितंबर तक जिले में 968.3 मिमी बारिश होनी थी लेकिन 943 मिमी बारिश हुई है।

दिन का तापमान बढ़ा

पिछले 2 दिनों से बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान सबसे ज्यादा 35.2° डोंगरगढ़ में रहा। वहीं रायपुर में दिन का पारा 33.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो समान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा रहा।

अंबिकापुर में 31.9 डिग्री तापमान रहा जो औसत तापमान से 2.3 डिग्री अधिक है। जगदलपुर में 33 डिग्री पारा रहा जो 2.7 डिग्री अधिक था। बिलासपुर में तापमान 32.8 और दुर्ग में 32.6 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

प्रदेश में 6 प्रतिशत अधिक बारिश

1 जून से 18 सितंबर तक प्रदेश में 1157.7 मिलीमीटर बारिश हुई है जो औसत से 6 प्रतिशत ज्यादा है। अभी मानसून की विदाई को 10 दिन बाकी है। यानी अब जो बारिश होगी, वह प्रदेश के लिए बोनस साबित होगी।