छत्तीसगढ़

बिलासपुर: तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, पिता-पुत्र की मौत; उधर दो बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत

बिलासपुर। बिलासपुर में मंगलवार की रात तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घटना में दो बाइक में भिड़ंत हो गई। जिससे एक युवक की मौत हो गई। इस हादसे में घायल बाइक सवार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की है।

टीआई देवेश सिंह ने बताया कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर निवासी रूपचंद शर्मा (81) पेशे से किसान थे। उनका बेटा प्रशांत शर्मा (35)भी उनके साथ खेती का काम देखता था। उनका गृह ग्राम लाखासार है, जहां उनकी खेती है। दोनों पिता-पुत्र जमीन संबंधी काम से ही मंगलवार को तखतपुर गए थे। दोनों बाइक पर सवार थे। तहसील ऑफिस में काम निपटाने के बाद दोनों पिता-पुत्र बाइक से वापस बिलासपुर आ रहे थे। अभी उनकी बाइक खम्हरिया मेन रोड स्थित शिखा राइस मिल के पास पहुंची थी। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। बाइक को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार खेत में जा घुसी। इस हादसे में रूपचंद शर्मा और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पुलिस की डायल 112 ने इलाज के लिए तखतपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां रूपचंद की मौत हो गई। जबकि, प्रशांत की गंभीर हालत को देखकर अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

दूसरी घटना भी तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पूरा मेनरोड की है। मंगलवार को ग्राम बेलगहना निवासी रितेश केंवट (22) पिता लच्छी केंवट अपनी बाइक से घर लौट रहा था। उसी समय तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में रितेश की मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस मामले में घायल बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।