छत्तीसगढ़

बाबा सिद्दीकी मर्डर : लगातार ठिकाना बदल रहा आरोपी, मुंबई पुलिस की उज्जैन और ओंकारेश्वर में ताबड़तोड़ छापेमारी

उज्जैन/खंडवा: एनसीपी नेता व महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या में शामिल एक आरोपी की तलाश में मुंबई पुलिस की टीम मध्यप्रदेश पहुंची है। पुलिस ने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हत्या में और लोगों के शामिल होने का संदेह है।

एक पुलिस अधिकारी ने मुताबिक, मुंबई पुलिस की एक टीम मध्यप्रदेश पुलिस के साथ मिलकर आरोपी शिवकुमार गौतम उर्फ शिवा (जो उत्तर प्रदेश के बहराइच का रहने वाला है) की तलाश कर रही है। ऐसी आशंका है कि वह मध्यप्रदेश में छिपा हो सकता है और उसे मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले और ओंकारेश्वर (खंडवा) में खोजा जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि संदिग्ध आरोपी संभवत: लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है।

जानें क्या है मामला
66 साल के एनसीपी नेता को शनिवार रात मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन लोगों ने घेरकर गोली मार दी थी। मुंबई पुलिस के अनुसार, उन्हें लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच अधिकारी ने रविवार शाम को मुंबई में मीडिया को बताया, मुंबई पुलिस ने 15 टीमें गठित की हैं, जिन्हें महाराष्ट्र से बाहर भेजा गया है और यह पता लगाने के लिए जांच जारी है कि शूटरों को किसने रसद सहायता प्रदान की? पुलिस ने अब तक गिरफ्तार किए गए आरोपियों से दो पिस्तौल और 28 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अब तक मूल रूप से उत्तर प्रदेश और हरियाणा के रहने वाले दो शूटरों और पुणे के एक सह-साजिशकर्ता को गिरफ्तार किया है। 

जानें कौन थे बाबा सिद्दीकी

  • बाबा जियाउद्दीन सिद्दीकी महाराष्ट्र के वांद्रा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक रहे हैं
  • साल 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार विधायक का चुनाव जीता है
  • साल 2004-2008 के बीच कांग्रेस व एनसीपी की सरकार में वह खाद्य, नागरिक आपूर्ति, श्रम और एफडीए के राज्य मंत्री भी रहे हैं
  • बाबा सिद्दीकी ने साल 1992-1997 के बीच नगर निगम पार्षद के रूप में भी काम किया
  • मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस समिति के अध्यक्ष और महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस समिति के संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाली
  • आठ फरवरी 2024 को उन्होंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था
  • 12 फरवरी 2024 को उन्होंने अजीत पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में जॉइन की।