कोरबा। जिले के मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात 300 मेगावाट यूनिट के पावर ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। हादसे के बाद प्लांट में बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
हादसे के कारण प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रारंभिक तौर पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक, प्लांट में दूसरा पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध है। सुधार कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही उत्पादन शुरू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। राहत की बात यह है कि रात में कम कर्मचारी होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ।



