कोरबा । कोरबा में शनिवार को कुसमुंडा क्षेत्र के भुट्टा चौक में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण एक एसईसीएल कर्मी की जान चली गई। दुपहिया वाहन के अनियंत्रित होकर गिरने से कोयला कर्मी ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया।
मृतक की पहचान बांकी मोगरा निवासी दुखीराम के रूप में हुई है। वह SECL में कार्यरत था और शनिवार को ड्यूटी पर जा रहा था। सुबह करीब 9 बजे भुट्टा चौक पर विशाल गड्ढों के कारण उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। दुखीराम सड़क पर गिर पड़ा और बगल से गुजर रहे ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। कर्मी बाइक सहित ट्रेलर के पहियों में फंस गया। लोगों के शोर मचाने पर ट्रेलर चालक ने वाहन रोका। मौके पर मौजूद लोगों ने दुखीराम को पहियों के नीचे से बाहर निकाला। ट्रेलर संघ के अध्यक्ष जीतू महंत ने उसे कुसमुंडा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कुसमुंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि कुसमुंडा क्षेत्र की सड़कें जर्जर हैं और उनमें गहरे गड्ढे हैं। इन गड्ढों के कारण रोज हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोग घायल हो रहे या जान गंवा रहे हैं। प्रशासन और SECL प्रबंधन को कई बार शिकायत के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई जा रही है।
कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने गुरुवार को कटघोरा-चोटिया NH-130 पर ब्लैक स्पॉट का निरीक्षण किया। उन्होंने बंजारी, मड़ई मोड़ और लमना से चोटिया तक सड़क का जायजा लिया। हादसों को रोकने के लिए मोड़ से 25-50 मीटर पहले रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अंधे मोड़ों पर सोलर स्टड, कैट आई, रोड स्टड, रिफ्लेक्टर और रेडियम संकेतक लगाने को कहा। उन्होंने एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा को संयुक्त टीम बनाकर रात में दुर्घटना-जन्य स्थल चिह्नित करने के निर्देश भी दिए।



