कोरबा। कोरबा के टीपी नगर स्थित नए बस स्टैंड से 22 लाख रुपए की एक यात्री बस चोरी हो गई। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी हुई बस भी बरामद कर ली गई है।
यह घटना 3 जून 2026 को हुई थी। बस मालिक ने चौकी सीएसईबी रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी यात्री बस क्रमांक CG-10-G-1601, जिसकी कीमत लगभग 22 लाख रुपए है, नए बस स्टैंड कोरबा से चोरी हो गई है। यह बस ‘विरक बस’ के नाम से जानी जाती है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि बस का ड्राइवर और कंडक्टर बस स्टैंड पहुंचने के बाद चाबी बस के दरवाजे के पास रखकर फ्रेश होने चले गए थे। थोड़ी देर बाद जब वे वापस लौटे, तो बस अपनी जगह पर नहीं थी। इसके बाद चोरी होने की आशंका जताते हुए हड़कंप मच गया।
जांच के दौरान बस के कंडक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए चोरी हुई बस और आरोपी की पहचान कर ली। उसने आरोपी को कोहड़िया के पास दबोच लिया। इसके बाद आरोपी को पकड़कर चौकी सीएसईबी रामपुर लाया गया।
पूछताछ में आरोपी मनजीत सिंह टोप्पो (31 वर्ष), निवासी बंधियापारा सिल्ली, थाना पाली, जिला कोरबा ने बस चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बस को बरामद कर जब्त कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी पहले भी ड्राइवरी का काम करता था और उसकी नजर बस स्टैंड पर खड़ी इस बस पर थी। मौका मिलते ही उसने गाड़ी चालू की और निकल पड़ा। पहले उसे समझ नहीं आ रहा था कि जाना कहां है। वह पहले सुनालिया चौक की तरफ गया, फिर सीएसईबी चौकी होते हुए कोहड़िया मुख्य मार्ग से जा रहा था, तभी उसे पुलिस ने पकड़ लिया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।





