Home » राष्ट्रीय » नारेबाजी के बीच ‘लोक परीक्षा संशोधन बिल’ लोकसभा में पेश, छात्रों से मारपीट के मुद्दे पर विपक्ष चर्चा पर अड़ा, सदन 2 बजे तक स्थगित

नारेबाजी के बीच ‘लोक परीक्षा संशोधन बिल’ लोकसभा में पेश, छात्रों से मारपीट के मुद्दे पर विपक्ष चर्चा पर अड़ा, सदन 2 बजे तक स्थगित

नई दिल्ली। विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार ने सोमवार को लोकसभा में पेपर लीक से जुड़ा लोक परीक्षा संशोधन बिल पेश किया। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सदन में बिल पेश किया। इस दौरान विपक्ष ने लगातार विरोध और नारेबाजी की।

विपक्षी सांसदों ने ‘मोदी-शाह छात्रों से माफी मांगो’ के नारे लगाए। इसके कारण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। राज्यसभा भी 2 बजे तक स्थगित है।

इससे पहले सुबह 11 बजे भी शोर-शराबे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई थी। विपक्ष ने संसद के बाहर मकर द्वार पर भी प्रदर्शन किया। कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों के नेता NEET पेपर लीक और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब की मांग कर रही है।

उधर, पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफे के बाद सोमवार को पहली संसद पहुंचे। NDA सांसदों ने उन्हें शॉल और मिथिला पाग पहनाकर सम्मानित किया और संसद भवन के अंदर तक ले गए। सांसदों ने ‘धर्मेंद्र प्रधान जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। प्रधान ने NEET पेपर लीक विवाद के बीच 25 जुलाई को इस्तीफा दिया था।

2024 में बने कानून में बदलाव होंगे, सजा-जुर्माना दोनों बढ़ेंगे

केंद्र सरकार 2024 के कानून में बदलाव के लिए संशोधन बिल लेकर आई है। इस संशोधन के जरिए 2024 के कानून को और सख्त बनाया गया है। पेपर लीक के आरोपियों के लिए कड़ी सजा और भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

साथ ही, राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का अधिकार मिलेगा, जहां मामलों की रोजाना सुनवाई होगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई को इस कानून में संशोधन का ऐलान करते हुए कहा था कि पेपर लीक लाखों छात्रों और उनके परिवारों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा है, इसलिए इसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram