Home » विदेश » पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत, युवक ने थाने में जाकर ब्लास्ट किया, 22 लोग घायल

पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, 8 पुलिसकर्मियों समेत 14 की मौत, युवक ने थाने में जाकर ब्लास्ट किया, 22 लोग घायल

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के स्वात जिले में रविवार को एक पुलिस स्टेशन के बाहर आत्मघाती हमला हुआ। इसमें 8 पुलिसकर्मी समेत 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

पाकिस्तानी मीडिया डॉन के मुताबिक, हमले के समय पास के काबल चौक पर आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली चल रही थी। स्वात के जिला पुलिस अधिकारी उमर खान ने बताया कि इसी दौरान एक युवक काबल पुलिस स्टेशन के गेट पर पहुंचा।

पुलिस वालों ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका। इससे पहले पुलिस हरकत में आती, युवक को खुद को ब्लास्ट कर दिया।

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में धमाके के बाद घायलों की तस्वीरें। - Dainik Bhaskar
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में धमाके के बाद घायलों की तस्वीरें।

फिलहाल किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

लोग आतंकवाद के खिलाफ रैली निकाल रहे थे

धमाके से पहले रविवार को कई लोग आतंकवाद के खिलाफ शांति रैली निकाल जा रहे थे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्वात में बढ़ रही आतंकवादी घटनाओं की निंदा की।

डॉन के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उनके आंदोलन का एक ही मकसद है, इलाके में शांति लौटाना और आतंकवाद का खात्मा करना।

उन्होंने कहा कि यह सरकार की जिम्मेदारी है। अगर असुरक्षा का माहौल जारी रहा तो लोगों में बड़ा जनआक्रोश पैदा हो सकता है।

प्रदर्शन में शामिल प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रशासन शांतिपूर्ण नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करता है, जबकि स्वात के पहाड़ी इलाकों में आतंकवादी खुलेआम सक्रिय हैं।

पाक राष्ट्रपति जरदारी ने जांच के आदेश दिए

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने धमाके में लोगों की मौत पर दुख जताया। राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए।

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने धमाके की निंदा की

खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IGP) से रिपोर्ट की मांग की है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा,

शांति के दुश्मनों को उनके नापाक इरादों में कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने भी धमाके की निंदा करते हुए मृतकों के प्रति शोक जताया। उन्होंने कहा, ‘आतंकी कायराना हमलों से देश का मनोबल नहीं तोड़ सकते।’
Facebook
X
WhatsApp
Telegram