तेहरान। अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 11वां दिन है। इस बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा है कि मंगलवार को ईरान पर अब तक के सबसे बड़े और सबसे तीव्र हमले किए जाएंगे।
हेगसेथ के मुताबिक इस हमले में बड़ी संख्या में फाइटर जेट और बमवर्षक विमान शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमताएं कमजोर हो रही हैं और वह बुरी तरह हार रहा है।
वहीं ईरान ने भी जवाब देते हुए कहा है कि वह धमकियों से डरने वाला नहीं है और जो लोग ईरान को खत्म करने की बात करते हैं, उन्हें अपने अंजाम के बारे में सोच लेना चाहिए।
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी ने कहा कि ईरानी लोग अमेरिका की धमकियों से नहीं डरते। लारीजानी ने कहा कि पहले भी कई ताकतवर लोग ईरान को खत्म करने की कोशिश कर चुके हैं, लेकिन वे सफल नहीं हुए।
लारीजानी ने ट्रम्प को चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग ईरान को मिटाने की बात कर रहे हैं, उन्हें सावधान रहना चाहिए, कहीं ऐसा न हो कि ईरान को मारने के चक्कर में वे खुद ही खत्म हो जाएं।
इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच जंग से जुड़ी तस्वीरें…





ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि कोई भी ताकत ईरान को खत्म नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि ईरान कम से कम 6,000 साल पुरानी सभ्यता का वारिस है और इतिहास में कई हमलावर आए और चले गए, लेकिन ईरान कायम रहा।
सोशल मीडिया पोस्ट में पजशकियान ने कहा कि जो लोग ईरान को मिटाने का सपना देखते हैं, वे इतिहास को नहीं समझते। उनके मुताबिक कई आक्रांताओं ने ईरान को खत्म करने की कोशिश की, लेकिन वे सभी असफल रहे। उन्होंने कहा कि हमलावर आते-जाते रहे, लेकिन ईरान हमेशा कायम रहा है और आगे भी रहेगा।
ईरान का UAE की सबसे बड़ी ऑयल रिफाइरी पर हमला
ईरान ने मंगलवार को UAE की राजधानी अबू धाबी में सबसे बड़ी ऑयल रिफाइनरी पर हमला किया जिससे वहां पर आग लग गई। अल जजीरा की रिपोर्ट्स के मुताबिक हमला रुवैस इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स पर हुआ, जिसके बाद उसे बंद कर दिया गया है। हालांकि इसमें किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
रुवैस, अबू धाबी शहर से करीब 240 किलोमीटर पश्चिम में अल धाफरा क्षेत्र में स्थित है। यह जगह पहले एक छोटा सा तटीय इलाका थी, लेकिन अब यह UAE के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा और औद्योगिक केंद्रों में से एक बन चुकी है।
रुवैस कॉम्प्लेक्स की रिफाइनिंग क्षमता करीब 9.22 लाख बैरल कच्चे तेल और कंडेनसेट प्रतिदिन है। इसी वजह से यह मिडिल ईस्ट की सबसे बड़ी ऑयल रिफाइनरी मानी जाती है और दुनिया की सबसे बड़ी सिंगल-साइट रिफाइनरियों में भी शामिल है।



