छत्तीसगढ़

दिल्ली में मंकीपॉक्स का छठा मरीज मिला, 22 साल की अफ्रीकी महिला एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती

नईदिल्ली I राजधानी दिल्ली में मंकीपॉक्स वायरस के संक्रमण के छठे मामले की पुष्टि हुई है। द्वारका में रहने वाली 22 वर्षीय अफ्रीकी मूल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। महिला को पिछले कुछ दिनों से बुखार के साथ अन्य समस्याएं थी, जिसके बाद उसे लोक नायक जय प्रकाश (LNJP) अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

एलएनजेपी अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि महिला की हालत ठीक है। इससे पहले इस अस्पताल से भर्ती हुए मंकीपॉक्स के सभी पांच मरीजों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी जा चुकी है। मंकीपॉक्स के मरीजों के शरीर पर बड़े आकार के पानी वाले दाने थे। इनके दाने खत्म होने के बाद खुरंट जमने लगा और नई त्वचा आ गई। इसके बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई।

गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा अंतर्राष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के एक दिन बाद दिल्ली में इस साल 24 जुलाई को मंकीपॉक्स के पहले मामले की पुष्टि हुई थी।

इसके बाद केंद्र सरकार ने भी भारत में फैले वायरस की जांच के लिए कई दिशानिर्देश जारी किए थे, जिनमें से एक देश के प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी भी शामिल था।

अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को बीमार व्यक्तियों, मृत या जीवित जंगली जानवरों और अन्य लोगों के निकट संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है। भारत में मंकीपॉक्स का पहला मामला केरल के कोल्लम जिले में 14 जुलाई को सामने आया था।विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, मंकीपॉक्स एक वायरल जूनोसिस (जानवरों से मनुष्यों में फैलने वाला वायरस) है, जिसमें चेचक के रोगियों में अतीत में देखे गए लक्षणों के समान लक्षण होते हैं, हालांकि यह चिकित्सकीय रूप से कम गंभीर है।