छत्तीसगढ़

बेंगलुरु में ट्रैफिक पुलिस ने गलत हेलमेट पहनने को लेकर पुलिसकर्मी का ही काटा चालान, वायरल हुई तस्वीर

नई दिल्ली । दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का खास महत्व होता है। यह हमें गंभीर सड़क दुर्घटना से बचाता है। अकसर लोग हेलमेट के महत्व को नजर अंदाज कर देते हैं। हाल ही में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक पुलिस कर्मी ने भी ऐसी ही लापरवाही दिखाई है। बेंगलुरु के आरटी नगर के एक ट्रैफिक पुलिस कर्मी ने एक अन्य पुलिसकर्मी पर आधा हेलमेट पहनने के लिए जुर्माना लगाया है। आधा हेलमेट पहनना बेंगलुरु की सड़कों पर प्रतिबंधित है।

आरटी नगर ट्रैफिक बीटीपी ने ट्विटर पर गियरलेस स्कूटर चलाते समय गलत हेलमेट पहनने पर जुर्माना लगाने वाले एक अन्य पुलिस अधिकारी की तस्वीर साझा की है। पुलिस ने ट्विटर पर कैप्शन में लिखा कि गुड इवनिंग, पुलिस के खिलाफ गलत हेलमेट को लेकर मामला दर्ज किया गया है।

इंटरनेट यूजर्स ने पुलिस की प्रशंसा की

आरटी नगर पुलिस ने सोमवार को यह तस्वीर साझा की है। इसे लगभग 900 से ज्यादा लाइक्स और कई कमेंट्स मिले हैं। जहां कुछ इंटरनेट यूजर्स ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी को भी नहीं बख्शने के लिए पुलिस की प्रशंसा की है।

यूजर्स ने पूछा, चलान कटने के बाद इनता मुस्कुरा क्यों रहा

कई ट्विटर यूजर ने कमेंट कर कहा कि चालान कटने के बाद वह इतना मुस्कुरा क्यों रहा है? पोज देने के लिए ऐसै कौन करता है? एक यूजर ने लिखा कि वह बहुत खुश लग रहा है। क्या शानदार फोटो सेशन है।

कुछ ने इसे  पब्लिसिटी स्टंट बताया

एक यूजर ने कमेंट कर कहा कि मैंने देखा है कि कई पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के दुपहिया वाहन चलाते हैं। कई पुलिस वाले उन्हें आराम से बिना रोक टोक के जाने देते हैं। इक इंटरनेट यूजर्ज ने पुलिस कर्मी के चालान की घटना को ‘पब्लिसिटी स्टंट’ बताया है।

हेलमेट पहनना कानूनी रूप से है अनिवार्य

बता दें कि देश में हर साल बिना हेलमेट या खराब गुणवत्ता का हेलमेट पहनने से हजारों लोगों की सड़क दुर्घटना पर जान चली जाती है। हेलमेट पहनना दुपहिया वाहनों के लिए कानूनी रूप से अनिवार्य है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में दुपहिया वाहन चलाते समय दोनों सवारियों को हेलमेट पहनना अनिवार्य किया गया है।