तेहरान। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका के साथ तनाव कम करने के प्रस्तावों को खारिज किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अभी शांति का समय नहीं है और तेहरान को अमेरिका व इस्राइल को हराना होगा।
समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ ने एक ईरानी अधिकारी के हवाले से बताया कि दो मध्यस्थ देशों की ओर से तनाव कम करने या युद्धविराम के प्रस्ताव तेहरान को भेजे गए।
अधिकारी ने बताया कि मोजतबा खामेनेई ने अपनी पहली विदेश नीति बैठक में बहुत ही सख्त और गंभीर रुख अपनाया और कहा कि अमेरिका और इस्राइल से ‘बदला’ लिया जाना चाहिए। यह स्पष्ट नहीं है कि उन्होंने यह बैठक खुद व्यक्तिगत रूप से की थी या नहीं।
बसिज बल के प्रमुख को मार गिराया: इस्राइल
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस्राइल ने मंगलवार को दावा किया कि उसने ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) के बसिज बल के प्रमुख को मार गिराया है। उसने साथ ही यह भी दावा किया कि ईरान के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी को भी एक हवाई हमले में निशाना बनाया गया है।
इस्राइली रक्षा मंत्री ने बयान में कहा कि दोनों कल रात मार दिए गए हैं। इस्राइली सेना ने पहले एलान किया था कि उसने जनरल गुलाम रजा सोलेमनी सोमवार को हवाई हमले में ढेर कर दिया है। इनके नेतृत्व में बसिज बल ने ईरान के हाल के प्रदर्शनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी।
ईरान ने अभी तक सोलेमनी की मौत की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, सुरक्षा प्रमुख लारीजानी के कार्यालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट जारी किया, जिसमें उन्होंने उन ईरानी नाविकों को याद किया, जो अमेरिका के हवाई हमले में मारे गए थे और जिनका मंगलवार को नमाज-ए-जनाजा होने वाला है।
खाड़ी देशों पर ईरान के हमले जारी
इस बीच, ईरान ने अपने खाड़ी पड़ोसी देशों पर हमले जारी रखे हुए हैं। इन हमलों में बुनियादी उर्जा ढांचों को निशाना बनाया जा रहा है। इसने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के पूर्वी तट पर अमीरात फुजैरा में एक तेल संयंत्र पर हमला किया है।



