Home » राष्ट्रीय » आंध्र प्रदेश के तट से टकराया ‘मुरासु’, हवा की रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा, ओडिशा में 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया; 30 फ्लाइट्स भी कैंसिल

आंध्र प्रदेश के तट से टकराया ‘मुरासु’, हवा की रफ्तार 110 किमी प्रति घंटा, ओडिशा में 3 लाख लोगों को सुरक्षित जगह भेजा गया; 30 फ्लाइट्स भी कैंसिल

नई दिल्ली। चक्रवात मुरासु ने सोमवार देर रात करीब 1 बजे आंध्र प्रदेश के ओंगोल के पास तट से टकराना शुरू किया। इसका लैंडफॉल नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास जारी है। यह प्रक्रिया दो घंटे में पूरी होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 100-110km प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जो कि 120km प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

चक्रवात के असर से विजयवाड़ा में भारी बारिश हुई, जिससे कई सड़कें डूब गईं। IMD ने अगले 12 घंटों तक गुंटूर, बापटला, कृष्णा, नेल्लोर और प्रकाशम जिलों के निचले इलाकों में तूफानी लहरों से बाढ़ का खतरा जताया है।

आंध्र प्रदेश के तीन एयरपोर्ट पर 19 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। वहीं, चेन्नई एयरपोर्ट से भी 11 फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं। पांच राज्यों में NDRF की 37 टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें से 13 टीमें आंध्र प्रदेश में हैं।

ओडिशा सरकार ने गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिलों से 3 लाख लोगों को निकालकर सुरक्षित जगह भेज दिया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी चक्रवात का असर दिख सकता है।

तमिलनाडु में भी स्कूल कॉलेज बंद

चक्रवात मुरासु के प्रभाव से तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, तिरुवल्लूर और चेंगलपट्टू सहित उत्तरी तमिलनाडु के तटीय जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। चेन्नई और तिरुवल्लूर में एहतियात के तौर पर स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।

आंध्रप्रदेश में अगले 2 दिन भारी बारिश की चेतावनी

4 और 5 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। 4 नवंबर को पालनाडु, प्रकाशम, कुरनूल और नंद्याल जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

ओडिशा में भी हाई अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिणी ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों में 4 नवंबर तक भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी दी है। राज्य सरकार ने सोमवार को ही संवेदनशील और निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना शुरू कर दिया था।  3 लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। राज्य के दक्षिणी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram