Home » ईरान युद्ध » ईरान ने दी अमेरिका को धमकी, अमीर हतामी बोले- ‘कदम रखा तो लाशें भी नहीं मिलेंगी’

ईरान ने दी अमेरिका को धमकी, अमीर हतामी बोले- ‘कदम रखा तो लाशें भी नहीं मिलेंगी’

तेहरान। ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव अब खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। ईरानी सेना के प्रमुख मेजर जनरल अमीर हतामी ने कहा है कि अगर अमेरिकी सेना ने इस्लामिक गणराज्य ईरान की धरती पर कदम रखा, तो हमलावरों में से एक भी शख्स जिंदा नहीं बचेगा। हतामी ने कहा कि हमारे देश के ऊपर से युद्ध के बादलों को हटना ही होगा। सभी को सुरक्षा मिलनी चाहिए, क्योंकि यह मुमकिन नहीं है कि बाकी जगहें तो सुरक्षित रहें और हमारे लोग असुरक्षित।

ट्रंप के बयान पर भड़के आयरलैंड के पीएम
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि ईरान को ‘पत्थर युग’ में भेज देंगे। आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने ट्रंप की उग्र भाषा की कड़े शब्दों में निंदा की है। मार्टिन ने कहा कि युद्ध में शामिल दोनों पक्षों को आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। पीएम मार्टिन ने कहा कि हम सब जानते हैं कि ईरान की हुकूमत दमनकारी रही है, लेकिन इस युद्ध में वो मासूम लोग मारे जा रहे हैं और बर्बाद हो रहे हैं, जिनका इस हुकूमत से कोई लेना-देना नहीं है।
हमारे पास हथियारों का खजाना- ईरानी सेना
दूसरी ओर, अमेरिकी और इस्राइली हमलों के बाद भी ईरान के हौसले पस्त होते नहीं दिख रहे हैं। ईरानी सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल इब्राहिम जोलफाघरी ने दावा किया है कि तेहरान के पास हथियारों और गोला-बारूद का गुप्त भंडार मौजूद है। जोलफाघरी ने कहा कि अमेरिका जिन ठिकानों को तबाह करने का दावा कर रहा है, वो मामूली हैं। हमारे असली सैन्य ठिकाने ऐसी जगहों पर हैं, जिनके बारे में अमेरिका और इस्राइल को कोई जानकारी नहीं है।

हमले में पूर्व विदेश मंत्री गंभीर रूप से घायल

इसी खूनी संघर्ष के बीच ईरान की राजधानी तेहरान से एक बड़ी खबर सामने आई है। ईरानी मीडिया के मुताबिक, एक हवाई हमले में देश के पूर्व विदेश मंत्री और सीनियर डिप्लोमैट कमाल खराजी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इतना ही नहीं, इस हमले में उनकी पत्नी की भी मौत हो गई है। यह अभी साफ नहीं है कि इस हवाई हमले का निशाना खुद खराजी थे या हमला पास की किसी जगह पर किया गया था। खराजी ने ही 2022 में एक इंटरव्यू में कहा था कि ईरान के पास परमाणु बम बनाने की तकनीकी क्षमता है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram