लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव की मतगणना चल रही है। मतगणना मंगलवार को सुबह आठ बजे से सात केंद्रों पर जारी है। आज काउंटिंग का दूसरा दिन है।
मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की निगरानी में कराई जा रही है। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
बता दें कि इन 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। कुल 152 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 14.81 लाख मतदाता करेंगे।
वोटिंग के दिन ही कुल 55 प्रतिशत मतदान हुआ था। काउंटिंग लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, झांसी, बरेली और गोरखपुर में 7 स्थानों पर हो रही है।
कैमरे के सामने रोने वाले प्रत्याशी जीते
आगरा में समाजवादी पार्टी के शिक्षक प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल जीत गए हैं। वोटिंग के दिन वह मीडिया के सामने अपनी बात रखते हुए बेहद भावुक हो गए थे और फूट-फूटकर रोने लगे थे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई थी कि उन्हें पाकिस्तान से आया आतंकवादी तक बताया जा सकता है।
जीत के बाद सपा प्रत्याशी को पिछले गेट से ले गई पुलिस
आगरा में सपा के खंड शिक्षक सीट से विजयी प्रत्याशी डॉ. अकाश अग्रवाल को पिछले गेट से पुलिस ने मतगणना स्थल से बाहर ले गई। समर्थकों की मौके पर भारी भीड़ जुटी हुई है।
11 में से चार सीटों पर भाजपा जीती
यूपी एमएलसी की 11 में से 4 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की है। दो पर सपा जीती है। अभी अन्य सीटों पर काउंटिंग जारी है।
वाराणसी: शिक्षक MLC सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव जीते
विधान परिषद की वाराणसी खंड शिक्षक सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने दूसरी बार जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंद्वी डा. प्रमोद मिश्रा को 5015 मतों से हराया। डा. प्रमोद मिश्रा को कुल 6597 मत मिले। जबकि लाल बिहारी को 11612 मत प्राप्त हुए।
सपा ने इस जीत का जमकर जश्न मनाया। जमकर नारेबाजी की तो वहीं ढोल नगाड़े पर जमकर झूमे और मिठाईयां बांटी।देररात तक एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी रहा।




