नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार को लगातार दूसरे दिन दिल्ली के जंतर-मंतर पर मार्च बुलाया है। शनिवार को हजारों समर्थकों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया था। करीब 7000 लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
CJP के तीनों टॉप लीडर्स, अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका अब भी पुलिस हिरासत में हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों को सुबह 9 बजे दिल्ली कैंट थाने में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा। तीनों को कल दिल्ली एयरपोर्ट पर प्लेन से हिरासत में लिया गया था।
दूसरी तरफ, दिल्ली में कल 250 ट्रेनें रद्द करने और 45 मेट्रो स्टेशन बंद रखने के मामले में सुप्रीम कोर्ट आज छुट्टी के दिन सुनवाई करेगा। गृह सचिव, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और DMRC चेयरपर्सन के खिलाफ कोर्ट के आदेश की अनदेखी पर अवमानना कार्रवाई की मांग की गई है। कोर्ट ने शुक्रवार को मेट्रो-ट्रेन सेवाएं पूरी तरह बंद नहीं करने का निर्देश दिया था।
अजिंक्य शिंदे बोले- मुंबई में शाम 4 बजे जुटेंगे प्रदर्शनकारी
CJP लीडर अजिंक्य शिंदे ने X पर कहा कि दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में हजारों लोगों को हिरासत में लिए जाने के खिलाफ मुंबई में आज शाम 4 बजे शिवाजी पार्क के टी-जंक्शन पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन होगा।
शिंदे ने कहा- मोदी और शाह की सरकार देश को तानाशाही की ओर ले जा रही है। नेताओं को हिरासत में लेकर लोकतंत्र पर कार्रवाई करना सरकार की बड़ी गलती है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए।
दिल्ली में आज भी 30 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात
- दिल्ली में लगातार दूसरे 30 हजार से ज्यादा पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। बॉर्डर इलाकों, रेलवे और मेट्रो स्टेशनों, बस टर्मिनलों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
- केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियां पुलिस की मदद कर रही हैं। नई दिल्ली जिले को 20 जोन में बांटा गया है, जहां सीनियर अधिकारी नजर रख रहे हैं।
- होटल, गेस्ट हाउस, लॉज और धर्मशालाओं में भी लोगों का वेरिफिकेशन किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों को जुटाने की कोशिशों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया की निगरानी भी की जा रही है।




