Home » कोरबा » कोरबा: खड़े ट्रकों से पहिए चोरी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, कार समेत चोरी के 4 पहिए, 2 बैटरियां और हथियार जब्त; एक फरार

कोरबा: खड़े ट्रकों से पहिए चोरी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, कार समेत चोरी के 4 पहिए, 2 बैटरियां और हथियार जब्त; एक फरार

कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सुराकछार स्थित रामबाबू कैंप में खड़े ट्रकों से पहिए चोरी करने वाले गिरोह के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोप है कि आरोपी अपने साथी के साथ आर्टिका कार से वारदात करने पहुंचा था।

विरोध करने पर मुंशी की गर्दन पर तलवारनुमा धारदार हथियार रखकर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कार समेत चोरी के 4 पहिए, 2 बैटरियां और हथियार जब्त किए हैं। मामले में एक आरोपी फरार है।

 - Dainik Bhaskar

रात 2 बजे ट्रकों से पहिए निकाल रहे थे आरोपी

घटना बीती रात करीब 2 बजे की है। रामबाबू कैंप में मुंशी विकास यादव सो रहे थे। पेशाब करने के लिए उठे तो उन्होंने देखा कि कुछ लोग कैंप में खड़े वाहनों के पहिए निकालकर सड़क किनारे रख रहे हैं।

विकास ने उनसे पूछताछ की तो आरोपियों ने उनकी गर्दन पर तलवारनुमा धारदार हथियार रख दिया और जान से मारने की धमकी दी। तब तक आरोपी चार पहिए निकाल चुके थे।

मुंशी ने शोर मचाया तो भागे, फिर चोरी का माल लेने लौटे

विकास यादव ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। कुछ देर बाद वे चोरी किए गए पहिए लेने दोबारा कैंप पहुंचे। इस बीच विकास ने वाहन मालिकों को सूचना दे दी थी।

वाहन मालिकों के पहुंचने पर आरोपियों ने आर्टिका कार क्रमांक CG 04 PC 9142 से भागने की कोशिश की। सुराकछार से बांकीमोंगरा की ओर भागते समय वे पुरेना अंडरब्रिज के नीचे खेत में घुस गए। इसी दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि कार चालक को वाहन मालिकों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

 - Dainik Bhaskar

कार से 4 पहिए, 2 बैटरियां और तलवार बरामद

पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें चोरी के चार पहिए, दो बैटरियां, एक धारदार तलवार और व्हील पाना मिला। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजीर अली (26), पिता रियासत अली, निवासी तेंदुटिकरा, उदयपुर, जिला सरगुजा के रूप में हुई है।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने बांकीमोंगरा थाने में अपराध क्रमांक 207/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 309(4), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

 - Dainik Bhaskar

लगातार पहिया चोरी से वाहन मालिकों में चिंता

क्षेत्र में ट्रकों के पहिए चोरी होने की लगातार घटनाओं से वाहन मालिकों में दहशत है। पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सत्यम साहू के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। पुलिस टीम में PSI निखिल देवांगन, ASI नंदलाल टंडन, आरक्षक संजय रात्रे, हरीश मरावी, बुद्ध सिंह मधुकर, संजय सिंह और हिमांचल कंवर शामिल रहे।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram