Home » कोरबा » कोरबा: गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के तनाव में युवक ने किया ड्यूटी जा रही युवती पर चाकू से हमला, पुलिस ने एक महीने बाद दबोचा

कोरबा: गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के तनाव में युवक ने किया ड्यूटी जा रही युवती पर चाकू से हमला, पुलिस ने एक महीने बाद दबोचा

कोरबा। कोरबा में पंचवटी के पास एक महीने पहले ड्यूटी जा रही युवती पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी और उसके नाबालिग सहयोगी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद तनाव में था और रास्ते में मोबाइल पर बात करती युवती को देखकर उस पर हमला कर दिया।

पुलिस के अनुसार, घटना 27 मार्च 2026 की सुबह करीब पौने 11 बजे की है। सीएसईबी चौकी अंतर्गत पंप हाउस निवासी युवती रोज की तरह पैदल ड्यूटी करने जा रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो लोगों ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। युवती को गंभीर रूप से घायल कर आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
पुलिस ने जांच के दौरान आस-पास के क्षेत्रों के 100 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर एक महीने की मशक्कत के बाद पुरानी बस्ती धनवार पारा निवासी शक्ति कुमार साहीस 19 वर्ष और उसके नाबालिग साथी का पता चला। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
मुख्य आरोपी शक्ति कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उसका गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप हो गया था। गर्लफ्रेंड के धोखा देने से वह तनाव में था। घटना वाले दिन वह अपने नाबालिग साथी के साथ चाकू लेकर गर्लफ्रेंड को मारने निकला था। रास्ते में उसे युवती मोबाइल पर बात करते हुए पैदल जाते दिखी। आरोपी को लगा कि वह अपने बॉयफ्रेंड से बात कर रही है और उसकी गर्लफ्रेंड की तरह धोखा देगी। इसी गुस्से में उसने युवती पर पीछे से चाकू से वार कर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram