कोरबा जिले के भिलाईबाजार क्षेत्र में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई। स्कूटी से पहले धुआं निकला और कुछ ही देर में वाहन आग की लपटों से घिर गया। उस पर सवार भाई-बहन ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ कुसमुंडा से घर लौट रहा था। दोनों भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचे ही थे कि स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ा और वाहन में आग भड़क उठी।
स्कूटी में आग लगते ही भाई-बहन घबरा गए। उन्होंने वाहन रोकने की कोशिश की और किसी तरह उससे नीचे कूद गए। दोनों के सुरक्षित हटते ही आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वाहन जलकर खाक हो गया।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। गनीमत रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। समय रहते स्कूटी से उतर जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया।




