Home » कोरबा » कोरबा: रील बनाने के लिए चलती कार पर स्टंट, तीन महिलाओं पर FIR; स्वीट्स कारोबारी की कार जब्त होने की तैयारी

कोरबा: रील बनाने के लिए चलती कार पर स्टंट, तीन महिलाओं पर FIR; स्वीट्स कारोबारी की कार जब्त होने की तैयारी

कोरबा । सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए गरबा पोशाक पहनी तीन महिलाओं ने चलती कार पर खतरनाक स्टंट किया। मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के रविशंकर नगर में दुर्गा पंडाल तक पहुंचने वाले मार्ग पर हुई इस घटना के प्रसारित वीडियो में गरबा पोशाक पहनी एक महिला कार के बोनट पर लेटी नजर आ रही थी, जबकि दो अन्य महिलाएं कार के दोनों तरफ के दरवाजों पर लटककर डांस कर रही थीं। वीडियो में दुर्गा पंडाल तक जाने वाले मार्ग पर सजावट के लिए लगाई गई झालर भी दिखाई दे रही हैं।

वीडियो में दिख रही काले रंग की कार स्वीट्स कारोबारी राजेंद्र बरनवाल की बताई गई है। बोनट पर लेटी महिला उनकी पत्नी विदिशा बरनवाल हैं। कार का पंजीयन नंबर सीजी 12 बीवी 6007 है। महिलाओं ने जस्ट चील चील चील गाने पर स्टंट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इसके साथ लिखा था, फ्रीडम उसी को मिलती है, जो घर में गाली खाने का जिगरा रखता हो। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस तरह की हरकत को खतरनाक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि चलती कार के बोनट और दरवाजों पर इस तरह स्टंट करने से महिलाओं के साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी। वाहन मालिक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। वीडियो में दिखाई दे रही महिलाओं के विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने युवाओं से सड़क पर इस तरह के खतरनाक करतब नहीं करने की अपील की है।

बिलासपुर में भी गरबा पोशाक में स्टंट पर हुई थी कार्रवाई

गरबा पोशाक पहनकर सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकतें और खतरनाक स्टंट करने के मामलों में पुलिस पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। बिलासपुर में गरबा पोशाक में रील बनाने वाली युवतियों के मामले में भी पुलिस ने संज्ञान लेते हुए नौ लोगों पर कार्रवाई की थी। ऐसे मामलों में इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर नियमों की अनदेखी करने का चलन चिंता बढ़ा रहा है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram