कोरबा। जिले में चोरों की बड़ी करतूत सामने आई है। चोरों ने पहले चालू विद्युत लाइन के 5 खंभों को हथौड़ा और अन्य सामग्रियों से तोड़कर शॉर्ट सर्किट कर विद्युत प्रवाह बंद कराया, फिर मौका पाकर विद्युत टावर गिराकर एल्युमिनियम कंडक्टर वायर काटकर ले गए। घटना के बाद क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बंद हो गई और विभाग में हड़कंप मच गया। यह मामला थाना बालको नगर क्षेत्र का है। लाइन चेक करने के दौरान घटना का खुलासा हुआ। इसके बाद संबंधित विभाग ने बालको थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने एएसआई अजय सिंह और स्टाफ को जांच में लगाया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी करने वाले 2 आरोपियों को धर दबोचा। चोरी का शत-प्रतिशत माल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी माल को खपाने के प्रयास में थे।
पुलिस के अनुसार घटना 4 से 5 सितंबर की रात की है। पेट्रोलिंग के दौरान अंबेडकर चौक, भदरापारा, बालको के आगे सीएसईबी की ओर जाने वाले मार्ग पर विद्युत टावर गिरा हुआ मिला। जांच में पता चला कि अज्ञात लोगों ने टावर गिराकर वायर चोरी किया है।
सूचना पर थाना बालको नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 528/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने टावर गिराकर वायर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लगभग 65 हजार रुपये का एल्युमिनियम कंडक्टर वायर जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम गगन टंडन पिता महावीर टंडन उम्र 25 वर्ष और वासु साण्डे उर्फ चिंटू पिता मोहन लाल उम्र 18 वर्ष 8 माह, दोनों निवासी अंबेडकर चौक, भदरापारा, थाना बालको नगर हैं। जिले में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, ऐसे में चोरी का माल कौन खरीद रहा है और कहां खपाया जा रहा है, इस पर भी पुलिस को जांच करने की जरूरत है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136, 139, लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम की धारा 3 और बीएनएस की धारा 61, 303(2), 3(5) के तहत कार्रवाई की है।




