Home » कोरबा » कोरबा: पुलिस ने जब्त नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाया, 74.514 किलो गांजा, हजारों कैप्सूल-टेबलेट, इंजेक्शन और सिरप नष्ट

कोरबा: पुलिस ने जब्त नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाया, 74.514 किलो गांजा, हजारों कैप्सूल-टेबलेट, इंजेक्शन और सिरप नष्ट

कोरबा। कोरबा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में NDPS एक्ट के तहत जब्त किए गए नशीले पदार्थ बालको प्लांट में जलाकर नष्ट किए गए। यह प्रक्रिया 23 तारीख को न्यायालय की अनुमति के बाद हुई।

पुलिस के मुताबिक, नष्ट की गई सामग्री में 74.514 किलोग्राम गांजा, 4,336 कैप्सूल, 2,315 नशीली टेबलेट, 145 इंजेक्शन, 12 सिरिंज और 11,400 एमएल कोडीनयुक्त सिरप शामिल हैं।

ये पदार्थ रजगामार, बालको, कोतवाली, हरदीबाजार, दीपका, बांकीमोंगरा और उरगा समेत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के दौरान जब्त किए गए थे।

नशे की खेप बालको प्लांट में जलाई

नष्ट करने की प्रक्रिया ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में हुई। समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, रक्षित निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि पहले भी बालको प्लांट में जब्त नशीले पदार्थ नष्ट किए जाते रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा राम गोपाल करियारे ने बताया कि कोरबा पुलिस NDPS एक्ट के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है। गांजा, नशीली टेबलेट, कैप्सूल और सिरप के अवैध परिवहन और बिक्री पर निगरानी रखी जा रही है। जब्त सामग्री को नष्ट करना इसी अभियान का हिस्सा है।

 - Dainik Bhaskar

नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से NDPS पदार्थों का निर्माण, परिवहन, बिक्री और सेवन नहीं करने की अपील की है। ऐसा करते पाए जाने पर गंभीर धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। अवैध नशे के कारोबार की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram