Home » कोरबा » कोरबा: बेटी के जन्म की खुशी मातम में बदली, तालाब में मिली पिता की तैरती लाश; जांच में जुटी पुलिस

कोरबा: बेटी के जन्म की खुशी मातम में बदली, तालाब में मिली पिता की तैरती लाश; जांच में जुटी पुलिस

कोरबा। कोरबा जिले के पाली थाना अंतर्गत मुख्य मार्ग पर स्थित नवकन्या तालाब में मंगलवार सुबह एक व्यक्ति की तैरती हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मॉर्निंग वॉक पर निकले राहगीरों की नजर तालाब में तैरती लाश पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल के पास ही लावारिस हालत में एक मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली है, जिससे मृतक की पहचान में मदद मिली। सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

मृतक की पहचान 34 वर्षीय संजय कुमार श्याम के रूप में हुई है, जो ग्राम लिटियाखार का निवासी था और वर्तमान में हरदीबाजार में रहता था। बताया जा रहा है कि संजय ने अपनी पत्नी को डिलीवरी के लिए पाली के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने बड़ा ऑपरेशन होने की बात कही थी, जिससे वह काफी चिंतित और परेशान था। इसी बीच प्रसव के दौरान उसकी पत्नी ने बेटी को जन्म दिया, जिससे घर में खुशी का माहौल था। लेकिन तालाब में संजय की लाश मिलने की खबर से खुशी मातम में बदल गई।
बताया जा रहा है कि संजय ने पत्नी के ऑपरेशन के लिए पैसों की व्यवस्था भी कर ली थी। वह लगातार अस्पताल के चक्कर लगा रहा था और आर्थिक व मानसिक तनाव में था। आशंका जताई जा रही है कि तालाब शौच करने गया होगा इस दौरान कोई घटना घटी हो, यह भी आशंका जताई जा रही है कि तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया हो? पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram