कोरबा। कोरबा के प्रसिद्ध मां सर्वमंगला मंदिर परिसर में नवरात्रि के दौरान भंडारे के लिए निर्धारित स्थान के पास अचानक कोबरा निकल आया। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सांप दिखाई देने से हलचल मच गई। उसे देखने के लिए मौके पर लोग जुटने लगे।
सूचना मिलने पर RCRS (Reptile Care and Rescuer Society) की टीम पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया। घटना में किसी श्रद्धालु को नुकसान नहीं पहुंचा।
भंडारे की जगह के पास दिखाई दिया कोबरा
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में भंडारे वाली जगह के पास अचानक कोबरा दिखाई दिया। नवरात्रि के दौरान मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में सांप दिखने के बाद वहां लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ श्रद्धालु इसे आस्था से जोड़कर भी देख रहे थे।
घटना की सूचना वन विभाग और RCRS कोरबा की टीम को दी गई। इसके बाद टीम के सदस्य मानस और अतुल मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। समय रहते रेस्क्यू होने से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई और श्रद्धालुओं को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
वन विभाग और RCRS टीम ने बताया कि सांप का दिखाई देना एक प्राकृतिक घटना है। ऐसी स्थिति में वन्यजीव को नुकसान पहुंचाए बिना लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है।
सांप दिखने पर घबराएं नहीं, रेस्क्यू टीम को दें सूचना
वन विभाग और RCRS की टीम ने लोगों से अपील की है कि घर, मंदिर, दुकान, वाहन या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं। उसे मारने या खुद पकड़ने की कोशिश न करें। मौके पर भीड़ लगाने के बजाय सुरक्षित दूरी बनाए रखें और प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।




