Home » कोरबा » कोरबा: विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का फोन हैक, 76 हजार रुपये की जरूरत बताकर भेजे गए मैसेज;

कोरबा: विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का फोन हैक, 76 हजार रुपये की जरूरत बताकर भेजे गए मैसेज;

कोरबा। कोरबा में पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम का मोबाइल हैक होने के बाद उनके व्हाट्सऐप नंबर से परिचितों और पार्टी कार्यकर्ताओं को 76 हजार रुपये की जरूरत बताकर मैसेज भेजे गए। जानकारी मिलने पर विधायक ने लोगों को अलर्ट किया। मामला साइबर सेल को सौंप दिया गया है।

पार्सल के संबंध में आया था फोन

जानकारी के अनुसार, विधायक मरकाम के पास एक पार्सल के संबंध में फोन आया था। फोन पर बात होने के कुछ देर बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद से उनके व्हाट्सऐप नंबर से लगातार लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं कि उन्हें अर्जेंट 76 हजार रुपये की जरूरत है।कई लोगों को लगा कि विधायक जी को सच में पैसों की जरूरत है, लेकिन कुछ सजग शुभचिंतकों ने इसकी जानकारी सीधे विधायक को दी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

विधायक ने लोगों को किया अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही विधायक तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम ने तत्काल अपने सभी शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों को अलर्ट किया। उन्होंने सोशल मीडिया और फोन के माध्यम से संदेश दिया कि उनका नंबर हैक हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पैसे मांगने वाले किसी भी मैसेज पर भरोसा न करें।विधायक ने स्पष्ट कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार के पैसों की कोई जरूरत नहीं है। यह हैकर्स की करतूत है। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की।

साइबर सेल को भेजा गया मामला

इधर, विधायक ने पूरे मामले की सूचना पाली थाना प्रभारी को दे दी है। पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि विधायक की ओर से मोबाइल हैक होने की सूचना दी गई है। मामले को साइबर सेल को भेज दिया गया है और साइबर सेल के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जा रही है। नंबर को रिकवर करने और हैकर्स का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

गौरतलब है कि इस तरह की ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पहले आम लोगों के नंबर हैक होने के मामले सामने आते थे, अब जनप्रतिनिधि भी साइबर ठगी के निशाने पर आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी परिचित के नंबर से पैसे मांगने का मैसेज आए तो पहले फोन करके उसकी पुष्टि जरूर कर लें।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram