Home » कोरबा » कोरबा: सुबह से हो रही तेज बारिश, जनजीवन अस्त व्यस्त; बालको मार्ग पर बारिश से घुटने तक भरा पानी

कोरबा: सुबह से हो रही तेज बारिश, जनजीवन अस्त व्यस्त; बालको मार्ग पर बारिश से घुटने तक भरा पानी

कोरबा। सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश ने कोरबा जिले को बुरी तरह प्रभावित किया है। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर घुटने तक पानी भर गया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। स्कूली बच्चे, कर्मचारी और राहगीर घंटों तक जलभराव के कारण परेशान होते रहे।

बालको के बेलगरी नाला बस्ती में भी घरों के पास तक नाली का पानी पहुंच गया। बस्ती के लोगों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति होती है, पर निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं है। नगर के कई प्रमुख मार्गों, चौराहों और निचले इलाकों में भी सड़क व नालियों का पानी भर गया।

प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और निचले इलाकों में न जाने की अपील की है। इधर, विकासखंड करतला के ग्राम पंचायत भैसामुड़ा स्थित जोगीनाला में करोड़ों रुपये की लागत से बनी पुलिया पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गई। तेज बहाव से पुलिया का एक हिस्सा टूटकर बह गया और सड़क पर गहरे गड्ढे बन गए। क्षतिग्रस्त पुलिया की तस्वीरें सामने आने के बाद निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण के दौरान अनियमितताओं की शिकायतें नजरअंदाज की गईं। अधिकारी गुणवत्ता पर सवालों को अपने क्षेत्र का मामला नहीं बताते थे। अब पुलिया गिरने से ग्रामीणों की आशंका सच साबित हुई है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण स्थल पर कोई सूचना पटल नहीं लगाया गया था। इससे यह पता नहीं चल पा रहा कि पुलिया किस विभाग, एजेंसी या ठेकेदार ने बनाई है। निर्माण लागत, स्वीकृति तिथि और कार्यदायी संस्था जैसी जानकारी भी सार्वजनिक नहीं है। पारदर्शिता के अभाव में भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ गई है।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि सरकारी विकास कार्यों में गुणवत्ता से लगातार खिलवाड़ हो रहा है। दोषियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। लोगों ने पुलिया निर्माण की उच्च स्तरीय जांच और दोषी अधिकारियों-ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जोगीनाला पुलिया का ढहना लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार का स्पष्ट उदाहरण है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram