Home » कोरबा » कोरबा: सोफे में छिपकर बैठा था कोबरा, बैठते ही मारने लगा फुफकार; देखकर परिवार के उड़े होश

कोरबा: सोफे में छिपकर बैठा था कोबरा, बैठते ही मारने लगा फुफकार; देखकर परिवार के उड़े होश

कोरबा । जिले के रिसदी क्षेत्र में लक्ष्मी के घर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब परिवार के लोगों को सोफे के अंदर से फुंकारने की आवाज सुनाई दी। ध्यान से देखने पर पता चला कि सोफे के भीतर एक जहरीला कोबरा छिपा हुआ है।

यह देखकर घर के लोग घबरा गए और तुरंत घर से बाहर भाग खड़े हुए। उन्होंने तत्काल रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (आरसीईआरएस) के सदस्य सागर को सूचना दी। सूचना मिलते ही सागर ने आरसीईआरएस दल के अन्य सदस्यों को जानकारी दी। इसके बाद आरसीईआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

हालांकि, यह बचाव कार्य इतना आसान नहीं था। कोबरा सोफे के अंदर गहराई में छिपा था और लगातार अपनी जगह बदल रहा था। कुछ समय तक मानो कोबरा और बचाव दल के बीच लुका-छिपी का खेल चलता रहा। स्थिति को देखते हुए सोफे को सावधानीपूर्वक थोड़ा काटना पड़ा। आखिरकार कोबरा बाहर निकला और दल ने उसे सुरक्षित पकड़ लिया।

काफी सतर्कता और अनुभव के साथ दल ने कोबरा को सुरक्षित पकड़ा। बचाव सफलतापूर्वक पूरा होने के बाद घर के लोगों ने राहत की सांस ली। उन्होंने आरसीईआरएस दल के इस सराहनीय कार्य के लिए धन्यवाद दिया। आरसीईआरएस का दल लगातार क्षेत्र में वन्यजीवों को सुरक्षित बचाने का कार्य कर रहा है। यह दल लोगों में जागरूकता फैलाने का भी सराहनीय कार्य कर रहा है।

आरसीईआरएस के अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि सांप अक्सर चूहों की मौजूदगी के कारण शिकार की तलाश में घरों में पहुंच जाते हैं। संभवतः सोफे के अंदर चूहे की गंध होने के कारण कोबरा वहां छिपा था। उन्होंने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने की अपील की। चूहों को पनपने न देने और किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराने की बजाय तुरंत बचाव दल को सूचना देने को कहा।

किसी भी तरह के वन्यजीव रेस्क्यू के लिए वन विभाग और आरसीआरएस की हेल्पलाइन पर संपर्क करें :
9827917848
9009996789
7987957958

Facebook
X
WhatsApp
Telegram

203K

Facebook Fans

103K

Followers

203K

Subscriber

113K

Followers