नई दिल्ली। निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की रविवार को राजधानी दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारी बवाल हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्णिया सांसद के ऊपर चाकू से हमले की कोशिश की गई। घटना को लेकर पप्पू यादव ने दावा किया, ‘बाबा लोग रोज कह रहे हैं कि मुझे मार दो, जला दो, हम 51 लाख रुपये देंगे। हमने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मुझे मारने की साजिश रची गई थी, लेकिन मैं बच गया।’ सांसद पप्पू यादव के एक समर्थक ने कहा, ‘पप्पू यादव एक जननेता हैं। वे 24 घंटे जनता की सेवा करते हैं। वो हमलावर था। जैसे ही उसने पीछे से चाकू निकाला, हम लोगों ने उसे मिलकर पकड़ लिया।’ हमलावर को पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पप्पू यादव के वकील ने कहा, ‘आज की घटना बहुत निंदनीय है। ये दिल्ली पुलिस की विफलता दिखाती है। दिल्ली पुलिस की षड्यंत्रगर्दी दिखाती है कि कैसे दिल्ली पुलिस सत्ता पक्ष के साथ मिलकर 6 बार चुने गए सांसद के खिलाफ षड्यंत्र में सहयोग कर रही है। इसे पुलिस की विफलता कहें या संयोग कहें या क्या कहें। पिछले दो दिनों से हम लगातार शिकायत कर रहे हैं कि 6 बार के चुने हुए सांसद के खिलाफ किस प्रकार का षड्यंत्र रचा जा रहा है। उनके खिलाफ ट्विटर पर खुलेआम ट्वीट किए जा रहे हैं।’
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद के वकील ने कहा कि आज इतनी शिकायतों के बाद दिल्ली पुलिस की ओर से पूर्ण आश्वासन दिया गया। यह कहा गया कि पूर्ण सुरक्षा का इंतजाम किया जाएगा, सिर्फ और सिर्फ यहां पर मुट्ठी भर 3 या 4 पुलिस कर्मी मौजूद थे। इसके बाद मीडियाकर्मियों की मौजूदगी में जिस तरह से यहां चाकू चलाया गया, वो लोकतंत्र में नहीं होना चाहिए।




