कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तारापीठ मंदिर के पास स्थित एक होटल में आज तड़के भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 7 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमवार तड़के पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के तारापीठ में एक होटल में आग लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि बीरभूम के तारापीठ में चार मंजिला होटल के ग्राउंड फ्लोर पर सुबह करीब 5 बजे आग लगी, इस दौरान मेहमान सो रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
घायलों को रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के सूत्रों ने शुरू में कहा था कि आग में पांच लोगों की मौत हुई है। हालांकि, बाद में पुलिस ने मरने वालों की संख्या सात बताई।




